सुबह 10:30 बजे राष्ट्रपति निवास द रिट्रीट पहुंचेंगी, राजधानी के ट्रैफिक प्लान में रहेगा बदलाव
शिमला से ठियोग की तरफ जाने वाले वाहनों को मशोबरा-ढली जंक्शन से किया जाएगा डायवर्ट
ठियोग से शिमला आने वाहनों को छराबड़ा से पहले बैरियर के पास रोका जाएगा
जवानों की चप्पे-चप्पे पर नजर, सात मई को संकटमोचन और तारादेवी मंदिर में करेंगी पूजा-अर्चना
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के शिमला प्रवास को लेकर पुलिस के हथियारबंद जवानों की चप्पे-चप्पे में तैनाती कर दी गई है। चार मई को राष्ट्रपति मुर्मू करीब 10:30 बजे राष्ट्रपति निवास द रिट्रीट पहुंचेंगी। राष्ट्रपति दौरे के दौरान राजधानी के ट्रैफिक प्लान में बदलाव रहेगा। शिमला पुलिस ने इसको लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर दी है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू चार मई को हेलिकाप्टर से कल्याणी हेलीपैड पहुंचेंगी। राष्ट्रपति मुर्मू के अधिकारिक निवास द रिट्रीट पहुंचने तक ठियोग-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात करीब आधे घंटे तक बंद रहेगा। पुलिस के मुताबिक सुबह 10:10 बजे राष्ट्रपति मुर्मू कल्याणी हेलीपैड पहुंचेंगी। यहां से गाड़ी से करीब 10:20 बजे द रिट्रीट पहुंचेंगी। इस बीच शिमला से ठियोग की तरफ जाने वाले वाहनों को मशोबरा-ढली जंक्शन से डायवर्ट किया जाएगा। इसके अलावा ठियोग से शिमला आने वाहनों को छराबड़ा से पहले बैरियर के पास रोका जाएगा। उधर, राष्ट्रपति के लिए जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट और अनाडेल हेलीपैड के अलावा संजौली हेलीपोर्ट को रिजर्व रखा गया है।
पुलिस के मुताबिक राष्ट्रपति की शिमला यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुरक्षित रखना मुख्य उद्देश्य है। राष्ट्रपति के आगमन के समय जगह-जगह यातायात व्यवस्था के दौरान सड़कें प्रतिबंधित रहेंगी। इस दौरान वाहनों के सुचारु संचालन के लिए ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा।
चंडीगढ़-सोलन से शिमला आने के लिए तारादेवी-आईएसबीटी बाईपास चौक-आईएसबीटी-खलिनी-मैहली-ढली, जतोग-टुटू स, सोलन-चंडीगढ़ के लिए टुटू से तारादेवी वाया तवी मोड़ होकर और जतोग-टुटू से शिमला के लिए टुटू से चक्कर-आईएसबीटी होकर आएं। इसी तरह मशोबरा-कुफरी-ढली से ढली बाईपास-लक्कड़ बाजार सड़क का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सात मई को संकटमोचन और तारादेवी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी। राष्ट्रपति सुबह 10:50 बजे रिट्रीट से संकटमोचन मंदिर के लिए रवाना होंगी और करीब 11:25 बजे संकटमोचन पहुंचेंगी। करीब आधे घंटे तक मंदिर में रहेंगी। करीब 11:55 बजे संकटमोचन मंदिर से तारादेवी मंदिर के लिए रवाना होंगी। राष्ट्रपति दोपहर करीब 12:20 बजे तारादेवी मंदिर पहुंचेंगी। करीब 2 बजे तक मंदिर में रुकेंगी। इसके बाद राष्ट्रपति सर्कुलर रोड से विधानसभा होते रिज मैदान-लिफ्ट-राजभवन-नवबाहर-संजौली-ढली होते करीब 2:55 बजे द रिट्रीट पहुंचेंगी। इसके बाद शाम 5:30 द रिट्रीट से 5:50 बजे मालरोड पहुंचेंगी। इस दौरान राष्ट्रपति मालरोड की सैर करेंगी। इसके बाद शाम 6:35 ऐतिहासिक गेयटी थियेटर में सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होंगी। शाम 7:20 बजे राष्ट्रपति रात्रिभोज के लिए राजभवन के लिए रवाना होंगी। रात 9:20 बजे द रिट्रीट पहुंचेंगी। राष्ट्रपति के आगमन के समय जगह-जगह सड़कें प्रतिबंधित रहेंगी। इस दौरान लोगों को परेशानियों का सामना कर पड़ सकता है। उधर, पुलिस के मुताबिक शहरवासी इस दौरान वैकल्पिक रूटों का इस्तेमाल कर सकते हैं। उधर, राष्ट्रपति 8 मई को सुबह 9 बजे कल्याणी हेलीपैड से हेलिकाप्टर में शिमला से दिल्ली के लिए रवाना होंगी।
पांच मई को कैचमेंट एरिया का करेंगी दौरा
पांच मई को राष्ट्रपति शिमला कैचमेंट एरिया (वाइल्ड लाइफ सेंक्चुरी) का दौरा करेंगी। टूर प्रोग्राम के मुताबिक राष्ट्रपति सुबह करीब 10:45 बजे द रिट्रीट से छराबड़ा, हसनवैली, ढली से होते कैचमेंट एरिया के लिए रवाना होंगी। करीब 11:15 बजे कैचमेंट एरिया पहुुंचेंगी। राष्ट्रपति करीब दो घंटे यहां पर रुकेंगी। दोपहर करीब 1:30 बजे वापस द रिट्रीट के लिए रवाना होंगी। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बंद रहेगा।
छह को राष्ट्रपति दीक्षांत समारोह में होंगी शामिल
छह को राष्ट्रपति केंद्रीय विवि धर्मशाला के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। राष्ट्रपति सुबह करीब 9:40 बजे द रिट्रीट से कल्याणी हेलीपैड के लिए रवाना होंगी। 10 बजे हेलिकाप्टर से करीब 11 बजे गगल एयरपोर्ट पर पहुंचेंगी। शाम 5:15 बजे राष्ट्रपति वापस हेलिकाप्टर से कल्याणी हेलीपैड पहुंचने के बाद करीब 5:35 द रिट्रीट जाएंगी। इस दौरान भी ठियोग-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात करीब आधे घंटे तक बंद रहेगा।
राष्ट्रपति दौरे से पहले पैदल मार्च, फ्लीट रिहर्सल में जांचीं व्यवस्थाएं
राष्ट्रपति दौरे से पहले शुक्रवार दोपहर 1:00 और शाम 5:00 बजे संकटमोचन, तारादेवी और रिज मैदान होते राजभवन तक करीब 30 से 32 गाड़ियों का ट्रायल किया गया। पुलिस अधीक्षक शिमला ने पैदल मार्च कर शहर में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात जवानों को दिशा-निर्देश दिए।