बीस मई से शिमला प्रवास पर आ रहे देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की सुरक्षा को लेकर हिमाचल पुलिस ने खाका तैयार कर लिया है। करीब पंद्रह सौ जवानों को राष्ट्रपति की सुरक्षा के लिए लगाया जाएगा। राष्ट्रपति के आने-जाने के रास्ते पर हर कुछ मीटर की दूरी पर जवान तैनात रहेंगे। इसके अलावा कल्याणी, जुब्बड़हट्टी और अनाडेल के हैलीपैड को भी सील कर दिया गया है।
राष्ट्रपति निवास और विभिन्न कार्यक्रम स्थलों पर हिमाचल के कमांडो और क्यूआरटी की तैनाती की जाएगी। देश के राष्ट्रपति बनने के बाद रामनाथ कोविंद पहली बार हिमाचल आ रहे हैं। उनकी सुरक्षा को पुख्ता रखने के लिए हिमाचल पुलिस ने पूरी तैयारी कर बार-बार रिहर्सल करने की तैयारी कर ली है। इसके तहत राष्ट्रपति के निवास रिट्रीट से लेकर अनाडेल और जुब्बल एयरपोर्ट तक सुरक्षा कर्मी तैनात किए जाएंगे।
वहीं, विभिन्न कार्यक्रम स्थलों पर हिमाचल पुलिस के स्नाइपर और कमांडो तैनात किए जाएंगे। एक आईजी रैंक के अधिकारी को पूरी सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई है। किसी भी स्थिति से निपटने को दो बैकअप टीमें भी स्टैंड बाय रखी जाएंगी। सूत्रों का कहना है कि ट्रैफिक की जिम्मेदारी संभालने के लिए भी करीब सौ जवानों को अलग से लगाया जाएगा। शिमला के अलावा सोलन में होने वाले कार्यक्रम के लिए भी भारी सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे।