राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी 17 दिसंबर को हमीरपुर आएंगे। वे यहां नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एनआईटी) के दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे और छात्रों को मेडल, डिग्रियां देकर सम्मानित करेंगे। इस अवसर पर राज्यपाल उर्मिला सिंह और मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह भी शिरकत करेंगे।
उपायुक्त हमीरपुर रोहन चंद ठाकुर ने शुक्रवार को एनआईटी के निदेशक प्रोफेसर रजनीश श्रीवास्तव के साथ राष्ट्रपति प्रवास के प्रबंधों की समीक्षा बैठक की। उपायुक्त ने बताया कि राष्ट्रपति प्रदेश पुलिस के करीब 600 जवानों के अलावा एसपीजी के कड़े सुरक्षा घेरे में रहेंगे।
एनआईटी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बिना पहचान पत्र किसी को एंट्री नहीं दी जाएगी। प्रशासन सुरक्षा के अलावा उनकी चिकित्सा सुविधा, प्रोटोकॉल का भी विशेष ध्यान रखेगा। इस बार पंजाब से बुलेट प्रूफ गाड़ी मांगी गई है ताकि राष्ट्रपति को सुरक्षा मुहैया करवाई जाए।