सभी विभागों और अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय, बर्फ हटाने के लिए मशीनों का होगा ट्रायल
विज्ञापन
डोडरा क्वार को भेजा छह माह का राशन
पेयजल-बिजली और सड़क सुविधा बहाली प्राथमिकता अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी में बर्फबारी के दौरान शहरवासियों को परेशानी न झेलनी पड़े, इसके लिए प्लान तैयार कर लिया है। शिमला शहर को पांच सेक्टर में बांटा गया है।
पुलिस विभाग को बर्फबारी से पहले शोघी से शिमला तक राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर खड़ी सैकड़ों गाड़ियों को हटाने के निर्देश दिए हैं। बर्फबारी के दौरान सड़क पर गाड़ियां खड़ी होने से बर्फ हटाने के काम में बाधा आती है। इसलिए इस बार बर्फबारी से पहले ही इन गाड़ियों को हटा दिया जाएगा। बर्फ हटाने में इस्तेमाल होने वाली मशीनों का ट्रायल भी करने के निर्देश दिए हैं। शहर में बर्फबारी की तैयारियों को लेकर उपायुक्त अनुपम कश्यप ने मंगलवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। अग्निशमन विभाग को एडवाइजरी जारी कर लोगों को अंगीठी जलाकर सोने और हीटर जैसे बिजली उपकरणों को अच्छे से बंद करने के बारे में जागरूक करने को कहा है। होमगार्ड की स्पेशल टीम को 15 दिसंबर से सभी जरूरी उपकरणों के साथ सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं। हेरिटेज भवनों का ऑडिट चेक करने के भी निर्देश दिए हैं। पर्यटन विभाग को पर्यटकों के लिए एडवाइजरी जारी करने और होटल एसोसिएशन के साथ बैठक करने के निर्देश दिए। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के टोल फ्री नंबर 1077 पर किसी भी आपदा की जानकारी दी जा सकती है।
विज्ञापन
डोडरा क्वार को भेजा राशन, एसडीएम को जिम्मेदारी
सभी उपमंडल दंडाधिकारियों को अपने क्षेत्र के लिए आकस्मिक योजना तैयार करने को कहा है। आवश्यक वस्तुओं जैसे राशन, गैस सिलेंडर और डीजल का भंडारण समय रहते सुनिश्चित करने को कहा गया है। स्वास्थ्य संस्थानों में दवाइयों की उपलब्धता और फ्रैक्चर होने की स्थिति में आवश्यक सामान होना जरूरी है। डोडरा क्वार क्षेत्र में छह महीने का राशन और अन्य जरूरी सामान उपलब्ध करवा दिया गया है। सभी उपमंडल दंडाधिकारियों को अपने क्षेत्र में हेलीपैड को जाने वाले मार्ग प्राथमिकता पर खोलने के निर्देश दिए ताकि किसी भी आपदा के दौरान हवाई सहायता संबंधित क्षेत्र में पहुंचाई जा सके।
पेयजल और बिजली न हों बाधित जल शक्ति विभाग और शिमला जल प्रबंधन निगम लिमिटेड के अधिकारियों को बर्फबारी के दौरान पानी की व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिए हैं। बिजली विभाग के अधिकारियों को भी अबाधित बिजली उपलब्ध कराने के लिए कहा है। बर्फबारी में सबसे पहले अस्पताल के रास्तों को खोलना प्राथमिकता रहेगी। एंबुलेंस के टायर पर चेन लगाने के भी निर्देश दिए हैं ताकि बर्फबारी में भी एंबुलेंस चलाई जा सके। नगर निगम को स्ट्रीट लाइटें दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार गांधी ने बताया कि विभाग ने ऐसे स्थलों को चयनित किया है जहां बर्फबारी के दौरान समस्या का सामना करना पड़ता है। विभाग ने मौसम को लेकर ट्रैफिक प्लान भी तैयार है जिसके पूरे क्षेत्र की जिओ मैपिंग की जा चुकी है।
पांच सेक्टर में बांटा शिमला
सेक्टर- एक में संजौली, ढली, कुफरी, नालदेहरा, मशोबरा, बल्देयां क्षेत्रों को शामिल किया गया है तथा प्रभारी एसडीएम शिमला ग्रामीण कविता ठाकुर होंगी।
सेक्टर दो में ढली, संजौली बाईपास, आईजीएमसी, लक्कड़ बाजार से विक्ट्री टनल, कैथू, भराड़ी, चौड़ा मैदान, एजी ऑफिस, अनाडेल और हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय को शामिल किया है। इसके प्रभारी एडीएम लॉ एंड ऑर्डर अजीत भारद्वाज होंगे।
सेक्टर तीन में टूटीकंडी बाईपास से शोघी, चक्कर, बालूगंज, टूटु, जतोग, नाभा, फागली, खलीणी, बीसीएस, विकास नगर क्षेत्र रहेंगे तथा इसके प्रभारी एसडीएम शिमला शहरी भानू गुप्ता होंगे।
सेक्टर 4 में डीसी ऑफिस, विक्ट्री टनल से कार्ट रोड से छोटा शिमला, ओक ओवर, यूएस क्लब, रिज, होली लॉज, जाखू, रिच माउंट, रामचन्द्र चौक, कमला नेहरू अस्पताल और उच्च न्यायालय शामिल होगा तथा इसके प्रभारी अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (प्रोटोकॉल) ज्योति राणा होंगी।
सेक्टर पांच में हिमाचल प्रदेश सचिवालय, छोटा शिमला, ब्रॉकहॉस्ट, मेहली, कसुम्पटी और पंथाघाटी क्षेत्र शामिल किए हैं तथा इसके प्रभारी शिमला के एडीसी अभिषेक वर्मा होंगे।
बर्फबारी में सबसे पहले यह मार्ग खुलेंगे संजौली से आईजीएमसी आईजीएमसी से कैंसर अस्पताल केएनएच से कार्ट रोड राजभवन से ओक ओवर होली लॉज से रिज, रिच माउंट, यूएस क्लब, ओक ओवर और सचिवालय बालूगंज से पीटरहॉफ से चौरा मैदान से एजी ऑफिस लिफ्ट से हाईकोर्ट से ओक ओवर से छोटा शिमला कार्ट रोड से विक्ट्री टनल से सचिवालय कार्ट रोड से विक्ट्री टनल से लक्कड़ बाजार होते हुए संजौली कैनेडी चौक से अनाडेल छोटा शिमला से कसुम्पटी और पंथाघाटी मेहली से शोघी होते हुए टूटीकंडी