जयराम सरकार के 10 माह के कार्यकाल पर पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि सरकार बेहतर काम कर रही है। किसी भी सरकार के कुछ महीनों के काम को उचित या अनुचित नहीं कहा जा सकता। उन्होंने कहा कि पहले बजट में मुख्यमंत्री की ओर से की गई 32 घोषणाएं के धरातल पर उतरने से लोगों को काफी लाभ मिलेगा।
उन्होंने दावा किया कि लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रदेश की चारों सीटें जीतेगी। धूमल पालमपुर में धौलाधार समिति के कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे थे। समिति अध्यक्ष धूमल के करीबी पूर्व मंत्री रविंद्र सिंह रवि हैं। पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में धूमल ने कई सवालों के जवाब दिए। शिमला का नाम बदलने पर चल रही सियासी रस्साकशी पर धूमल ने कहा कि इस बारे में शिमला के लोग अधिक जानते हैं। शिमला का नाम बदलने को लेकर अंतिम फैसला सरकार ही लेगी।
कहा कि भले ही केंद्र में विपक्षी पार्टियां कितना भी महा गठबंधन बना लें, लेकिन इसकी उम्मीद कम है। इस दौरान पूर्व मंत्री रविंद्र रवि, प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष इंदु गोस्वामी, पूर्व विधायक डॉ. शिव कुमार और संजय चौधरी मौजूद रहे।
हर किसी को अध्यक्ष-उपाध्यक्ष नहीं बनाया जा सकता
धूमल ने कहा कि प्रदेश के निगम और बोर्डों में सब लोगों को अध्यक्ष-उपाध्यक्ष नहीं बनाया जा सकता है। आशा है कि जिन लोगों का पार्टी के लिए महत्वपूर्ण योगदान रहा है, उन्हें ऐसे पदों में बैठाया जा सकता है। हालांकि, इसके लिए लंबी लाइन लगी है। वहीं, प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती को बदले जाने के कयासों के प्रश्न पर धूमल कहा कि यह मात्र परिकल्पना है।