भाजपा कार्यालय पर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए हमले की घटना की न्यायिक जांच करवाकर दोषियों को गिरफ्तार कर उचित कार्यवाही करने की मांग को लेकर कार्यकारी राज्यपाल कल्याण सिंह को ज्ञापन सौंपा।
शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष प्रो. प्रेम कुमार धूमल के नेतृत्व में भाजपा नेता राज्यपाल से राजभवन में मिले और ज्ञापन सौंपा। प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने राज्यपाल को 29 जनवरी को भाजपा प्रदेश कार्यालय में हुए हमले में अभी तक प्रदेश सरकार द्वारा कोई कार्यवाही न करने के बारे में भी अवगत करवाया।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने जांच पूरी होने से पहले ही अपने बेटे, जो युकां अध्यक्ष भी है व युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को सार्वजनिक रूप से मीडिया के माध्यम से क्लीन चिट दे दी और भाजपा के कार्यकर्ताओं को उस घटना के लिए दोषी करार दिया है। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर प्रदेश सरकार का रवैया ठीक नहीं है।
न ही वह भाजपा कार्यालय में हुए हमले की जांच करके उसकी ठीक रिपोर्ट देंगे इसलिए भाजपा के विधायक दल ने राज्यपाल से मांग की कि इस हमले की न्यायिक या सीबीआई से जांच करवाई जाए और प्रदेश की इस जन विरोधी, अलोकतांत्रिक सरकार को तुरंत बर्खास्त किया जाए।
यदि सरकार 31 मार्च तक भाजपा कार्यालय में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए पूर्वनियोजित हमले पर दोषियों के विरुद्ध उचित कार्यवाही नहीं करती है तो भारतीय जनता पार्टी जन आंदोलन करेगी। उधर, कार्यकारी राज्यपाल कल्याण सिंह ने कहा कि पहले मामले की जांच करवाकर इसके कानूनी पहलू देखे जाएंगे उसके बाद ही आगामी कार्रवाई होगी।