पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद प्रदेश भाजपा में हलचल बढ़ गई है। सोशल मीडिया पर धूमल को बड़ा पद मिलने की चर्चा गरम है तो इसी बीच इस भेंट के भी कई मायने निकाले जा रहे हैं। धूमल ने सोमवार को पीएम नरेंद्र मोदी से दिल्ली जाकर मुलाकात की।
इस मुलाकात के बाद भाजपा नेताओं में कई तरह की चर्चा तेज हो गई है। धूमल के कुछ नजदीकी नेताओं की भी उम्मीदें बढ़ गई हैं। माना जा रहा है कि ऐसे करीब एक दर्जन प्रमुख धूमल समर्थक नेता हैं जो बोर्डों-निगमों में अध्यक्षों और उपाध्यक्षों के पदों पर अपनी ताजपोशी चाह रहे हैं।
सीएम जयराम ठाकुर मानसून के बाद ही इन नियुक्तियों की बात कर चुके हैं। इन नियुक्तियों को धूमल के दिल्ली दौरे को जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, इस मुलाकात पर जब मंगलवार को पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि यह एक शिष्टाचार भेंट थी।