सोलन जिले के तहत नालागढ़ के एक निजी अस्पताल से पीजीआई रेफर की गई एक गर्भवती महिला ने रास्ते में दम तोड़ दिया। मृतक महिला मंडी की रहने वाली थी। पुलिस ने 174 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
मंडी के पनोग गांव का आत्म चंद बद्दी में एक उद्योग में तैनात है। आत्म चंद की पत्नी गीता को मंगलवार को प्रसव पीड़ा के दौरान नालागढ़ के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। महिला की सामान्य डिलीवरी हो रही थी।
अचानक महिला की तबीयत खराब होने पर उसे चिकित्सकों ने पीजीआई रेफर कर दिया। उसका पति उसे लेकर पीजीआई ले जा रहा था कि महिला ने रास्ते में एक मृत बच्चे को जन्म दिया।
बच्चे को जन्म देने के बाद महिला का अधिक रक्त स्राव हुआ, जिससे महिला ने दम तोड़ दिया। महिला के पति ने चिकित्सालय प्रशासन पर लापरवाही बरतने के आरोप लगाया है।
एसपी जी शिवा कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। मंगलवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस इसकी जांच कर रही है।