प्रतिभा सिंह ने कहा कि जयराम सरकार सरकारी खर्च पर अपनी चुनावी सभाओं में मस्त है और प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ गई है। दिनदहाड़े हत्याएं, लूटपाट, मारपीट और महिलाओं के साथ बढ़ते जघन्य अपराधों से देव भूमि शर्मसार हो रही है।
हिमाचल कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा कि जयराम सरकार सरकारी खर्च पर अपनी चुनावी सभाओं में मस्त है और प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ गई है। दिनदहाड़े हत्याएं, लूटपाट, मारपीट और महिलाओं के साथ बढ़ते जघन्य अपराधों से देव भूमि शर्मसार हो रही है। अपराधी आते हैं, किसी को भी गोलियों से भून कर बेखौफ वापस चले जाते हैं। उन्होंने जयराम सरकार पर आरोप लगाया कि उनकी सरकार की प्रदेश में कानून व्यवस्था पर कोई पकड़ नहीं रह गई है। कानून के रखवाले भाजपा नेताओं की सुरक्षा में जुटे हैं और अपराधियों को सत्ता पक्ष का पूरा संरक्षण है।
विज्ञापन
प्रतिभा सिंह ने ऊना में कांग्रेस पार्टी के एक पदाधिकारी की दिनदहाड़े गोलियों से निर्मम हत्या पर कड़ा रोष व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की पोल खुली है। उन्होंने इस हत्याकांड में शामिल अपराधियों को जल्द पकड़ने की मांग करते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष पुलिस चौकसी बरतने का आग्रह किया है। हाल ही में गग्गल में लोगों को मुख्यमंत्री का काफिला रोककर उन्हें मारपीट के मामले पर अपनी व्यथा सुनानी पड़ी। यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है कि पुलिस अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं कर पा रही है।