कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश में विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के पीछे वीरभद्र सिंह का नाम है। यह बात पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने शनिवार को चैलचौक में हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के तहत कही। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वीरभद्र सिंह के नाम पर प्रदेश के हर कोने में कार्यकर्ताओं ने वोट मांगे हैं। उन्होंने कहा कि नाचन विस क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी हार गए तो कोई गम नहीं। उन्होंने कहा कि नाचन का विकास वह खुद करेंगी। इससे पूर्व गोहर में प्रतिभा सिंह का भव्य स्वागत किया गया और कनैड़ में भी प्रतिभा सिंह का नाचन कांग्रेस ने स्वागत किया। यहां उन्होंने जनसभा को भी संबोधित किया।
लोकसभा चुनावों को रहा सवा साल, अभी से शुरू करनी होगी तैयारी : प्रतिभा
नाचन विधानसभा क्षेत्र के कनैड में शनिवार शाम को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने हाथ से हाथ जोड़ो अभियान का शुभारंभ किया। विधानसभा चुनाव में यहां से कांग्रेस प्रत्याशी रहे नरेश चौहान के नेतृत्व में यहां प्रतिभा सिंह का जोरदार स्वागत किया गया। करीब 200 मीटर तक हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा का प्रतिभा सिंह ने नेतृत्व किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को देशभर में समर्थन मिला है। इससे हर कांग्रेसजन के हौसले बुलंद हुए हैं। इस यात्रा के साथ आरंभ किए गए हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के तहत कांग्रेसजन केंद्र की भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों से जनता को अवगत कराएंगे। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव को अब करीब सवा वर्ष ही रह गया है। कांग्रेसजन इसमें जीत के लिए अभी से तैयारी आरंभ कर दें। उल्लेखनीय है कि प्रतिभा सिंह के इंतजार में यहां उपस्थित महिलाओं ने नाटी डाल कर समां बांध दिया।