पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को हिल्स क्वीन शिमला की वादियां काफी सुहाती थीं। वे कई बार शिमला आ चुके हैं। वे राष्ट्रपति के निवास स्थान छराबड़ा द रिट्रीट में सुकून के पल बिताने आते थे। उन्होंने तीन बार हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शिरकत की थी। शिमला दौरे के दौरान वे रिट्रीट परिसर में हाथ में डंडा लेकर सुबह की सैर करते नजर आते थे। चार जून, 2016 को उन्होंने पूरा दिन आवास में आराम कर बिताया।
छराबड़ा के एक निजी स्कूल हिमालयन इंटरनेशनल के दस विद्यार्थी उनसे मिलने पहुंचे थे। श्रेया, अंकिता, जाह्नवी, अंशुल, मुस्कान, मानसी, उत्कर्ष, अभिषेक टनिश, दीक्षा और प्रधानाचार्य सरिता ठाकुर, वंदना ने उनके साथ चित्र भी खिंचवाया था। प्रणब मुखर्जी ने बच्चों को पढ़ाई में खूब मेहनत कर आगे बढ़ने को प्रेरित किया था। प्रणब मुखर्जी एचपीयू के दीक्षांत समारोह में तीन बार आए थे। उन्होंने सैकड़ों मेधावियों को डिग्रियां और उपाधियां देकर सम्मानित किया था।
पहली बार वे 1984 में बतौर केंद्रीय वित्त मंत्री विवि के दीक्षांत समारोह में आए थे। प्रणव मुखर्जी दूसरी बार 17 सितंबर, 2009 में केंद्रीय वित्त मंत्री के नाते दीक्षांत समारोह में शिरकत करने आए थे। तीसरी बार 24 मई, 2013 को भारत के राष्ट्रपति रहते विवि के 20वें दीक्षांत समारोह में आए थे। 24 मई, 2013 को एडवांस स्टडीज (राष्ट्रपति निवास व वायस रीगल) में संस्कृति व सभ्यता से जुड़े अनुसंधान व अध्ययन की सुविधा वाले केंद्र का लोकार्पण किया था।