श्री गुरुनानक देव जी महाराज के पावन प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा साहिब पाराचिनार सभा की ओर से शहर में नगर कीर्तन होगा। पहली नवंबर को होने वाले कार्यक्रम के दौरान पंच प्यारों, पालकी साहिब और गुरु संगत पर फूलों की बारिश होगी।
फूलों की बारिश के लिए खास तौर पर अत्याधुनिक मशीनों का इंतजाम किया है। इतना ही नहीं शाम के समय होने वाली आतिशबाजी से पूरा शहर जगमगाएगा। गुरुद्वारा पाराचिनार सभा के अध्यक्ष परमजीत सिंह पम्मी और महासचिव नीरज ग्रोवर ने बताया कि राजधानी शिमला में गुरु नानक देव जी महाराज के प्रकाशोत्सव पर विशाल नगर कीर्तन होगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को भी आमंत्रित किया है। दोपहर साढ़े बारह बजे नगर कीर्तन पंच प्यारों की अगुवाई में रोटरी टाउन हाल से शुरू होगा। शेरे पंजाब से लोअर बाजार होते हुए उपायुक्त कार्यालय (सीटीओ) पहुंचेगा। नगर कीर्तन के लिए सीटीओ के पास पांडाल सजाया जाएगा जहां कीर्तन और लंगर होगा।
ये रहेंगे आकर्षण
शाम के समय यहां आकर्षक आतिशबाजी की जाएगी। नगर कीर्तन में लुधियाना से आने वाली गतका पार्टी हैरतअंगेज करतब दिखाएगी। सीटीओ में सजने वाले कीर्तन दरबार में भाई हरजिंद्र सिंह श्रीनगर वाले कीर्तन और प्रवचन करेंगे। आनंदपुर साहिब का स्कूल बैंड, अंबाला का बरास बैंड और लुधियाना का बैगपाइपर बैंड नगर कीर्तन के मुख्य आकर्षण होंगे।
गुरुद्वारा पाराचिनार सभा के अध्यक्ष परमजीत सिंह पम्मी ने बताया कि इस आयोजन में गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के अतिरिक्त बालूगंज, छोटा शिमला, कैथू और संजौली गुरुद्वारा साहिब की समितियां भी सहयोग कर रही हैं।