हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट में अब लोग ई-फाइलिंग के जरिये कोर्ट फीस जमा करवा सकते हैं। वीरवार को मंत्रिमंडल की बैठक में यह फैसला लिया गया।
तय किया गया है कि जल्द ही हिमाचल प्रदेश कोर्ट फीस एक्ट में संशोधन करने के लिए मानसून सत्र में विधेयक लाया जाएगा, जिसके बाद प्रदेश भर के कोर्ट में यह व्यवस्था लागू कर दी जाएगी।
कुछ समय पहले हाईकोर्ट ने ई-फाइलिंग शुरू करने के लिए आदेश जारी किया था। इसी के बाद राजस्व विभाग की ओर से हाईकोर्ट में ई-फाइलिंग के जरिये कोर्ट फीस जमा करने का प्रस्ताव तैयार किया।
इस प्रस्ताव को वीरवार को मंत्रिमंडल बैठक में ले जाया गया, जहां से मंजूरी मिल गई। प्रधान सचिव राजस्व तरुण श्रीधर ने बताया कि मानसून सत्र में हिमाचल प्रदेश कोर्ट फीस एक्ट में संशोधन करने के लिए विधेयक लाने जा रही है, जिसके बाद पूरे प्रदेश के सभी न्यायालयों में कोर्ट फीस ई-फाइलिंग से शुरू की जाएगी।