आश्रय ने माना कि कांग्रेस से मंडी संसदीय क्षेत्र का चुनाव लड़ने से पूर्व उन्होंने और उनके दादा पंडित सुखराम ने जनता की नब्ज नहीं टटोली। उन्होंने कहा कि वह और उनके दादा पंडित सुखराम भाजपा के सदस्य नहीं रहे, यह बात पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने भी कही है। उनके दादा की इच्छा थी कि जिस कांग्रेस पार्टी में उन्होंने अपना जीवन लगाया, उन्हें वापस वहीं लौटना चाहिए। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के कहने पर हमने वापसी की है, लेकिन अनिल शर्मा तो भाजपा के टिकट पर सदर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीते हैं, भाजपा उनके साथ भी सौतेला व्यवहार कर रही है।
दो साल में एयरपोर्ट बनाकर दिखाएं, राजनीति छोड़ दूंगा
आश्रय ने कहा कि मंडी में हवाई अड्डा बनाना मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का ड्रीम प्रोजेक्ट है। अब तो चीन भी अंदर घुस आया है, ऐसे में डिफेंस का एयरपोर्ट बन सकता है। सीएम दो साल में इस प्रोजेक्ट को पूरा करवा दें तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा।
जयराम सरकार के पांच काम बताएं, इनाम पाएं
आश्रय ने कहा कि यदि कोई जयराम सरकार के पांच ऐसे विकास के काम बता दें, जो अपनी सोच से किए हों, तो मैं अपनी जेब से दो हजार का इनाम उसे दूंगा। उन्होंने जिला भाजपा अध्यक्ष रणवीर सिंह से भी कहा कि वह मंडी में तीन ऐसे काम बता दें जो सीएम ने करवाए हैं।