पीपीई किट की जगह रेन कोट सप्लाई करने के मामले की जांच विजिलेंस विभाग ने बंद कर दी है। विभाग के अधिकारी जांच बंद करने का कारण नहीं बता पा रहे हैं। कोरोना काल में हुए इस घोटाले की जांच सरकार ने विजिलेंस को सौंपी थी। ऐसे में सवाल उठता है कि अब ऐसी क्या परिस्थितियां बन गईं कि डेढ़ माह से इसकी फाइल बिना किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले ही बंद कर दी गई? कोरोना काल में बहुचर्चित पीपीई किट घोटाले की विजिलेंस ने करीब पांच माह तक जांच की। अचानक इसकी फाइल बंद करने से सरकार के भ्रष्टाचार से निपटने के दावों की पोल खुल गई है। पहले इसकी जांच विभागीय स्तर पर भी चल रही थी, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे विजिलेंस को सौंपा गया था। विजिलेंस विभाग भी इसकी जांच पूरी भी नहीं कर पाया था कि अचानक से फाइल बंद हो गई। मामले से जुड़े अहम अधिकारियों के बयान विभाग ने दर्ज कर लिए हैं। कुछ अधिकारियों के बयान दर्ज करना बाकी थे। संवाद