जुन्गा स्कूल में अंडर-19 छात्रा वर्ग की खेलकूद प्रतियोगिता शुरू, 18 विद्यालयों की 165 छात्राएं ले रही हैं हिस्सा
विज्ञापन
एपीएमसी के अध्यक्ष देवानंद ने किया स्पर्धा का शुभारंभ संवाद न्यूज एजेंसी
जुन्गा (शिमला)। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जुन्गा में शनिवार को अंडर-19 छात्रा वर्ग की जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में शिमला जिले के 18 विद्यालयों की 165 छात्राएं हिस्सा ले रही हैं। पहले दिन फुटबॉल मुकाबले में पोर्टमोर स्कूल ने किन्नू स्कूल को 3-1 से पराजित किया।
प्रतियोगिता के दौरान हॉकी, फुटबॉल, हैंडबॉल, बास्केटबॉल और एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाएं हो रही हैं। प्रतियोगिता का शुभारंभ एपीएमसी शिमला के अध्यक्ष देवानंद वर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद विद्यालय के प्रधानाचार्य महेश शर्मा ने मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों, निर्णायकों और विभिन्न विद्यालयों से पहुंची छात्राओं का स्वागत किया। उन्होंने खिलाड़ी छात्राओं को अनुशासन, एकता और आत्मविश्वास के साथ खेल भावना से प्रतियोगिता में भाग लेने और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उद्घाटन समारोह के दौरान विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने मार्च पास्ट में हिस्सा लिया जिसमें पोर्टमोर स्कूल ने प्रथम स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता के पहले दिन फुटबॉल मुकाबले में पोर्टमोर स्कूल ने किन्नू स्कूल को 3-1 से पराजित किया। 100 मीटर दौड़ में मशोबरा की आशा ने स्वर्ण पदक, एमपीएस फागू की विभूति ने रजत और पोर्टमोर की एंजेल ने कांस्य पदक हासिल किया। वहीं 3 हजार मीटर दौड़ में मझोली टिपर की मनीषा ने स्वर्ण, किन्नू स्कूल की दीपिका ने रजत और एमपीएस फागू की आस्था ने कांस्य पदक जीता। कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों से आए शारीरिक शिक्षक, खिलाड़ी, एसएमसी पदाधिकारी और स्थानीय विद्यालय के स्टाफ ने भाग लिया।