कुछ समय पहले सन्यास लेने की सोच रही परशुराम अवॉर्ड विजेता पूजा ठाकुर अब एशियाड गेम्स में दम दिखाएगी।
बिलासपुर जिले के जुखाला क्षेत्र से परशुराम अवार्डी एवं इंटरनेशनल कबड्डी खिलाड़ी पूजा ठाकुर का चयन एशियाड गेम्स के लिए हुआ है। एशियाड गेम्स के लिए चयन होने पर अब इंटरनेशनल खिलाड़ी ने संन्यास नहीं लेने का मन बनाया है।
यदि इस बार गेम्स के लिए चयन नहीं होता तो वह कबड्डी से संन्यास ले सकती थीं। पूजा ने कुछ महीने पहले बाकायदा इसका ऐलान भी किया था। 18 जनवरी के अंक में ‘अमर उजाला’ ने ‘एशियाड में जगह नहीं तो कबड्डी से संन्यास’ शीर्षक के साथ समाचार प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
कबड्डी एशियाड खेलों का आयोजन इस साल सितंबर माह में होने की संभावना है। इसके चलते पूजा ठाकुर का चयन एशियाड गेम्स के लिए किया गया है। 14 जून से गांधीनगर (बेंगलूर) में कबड्डी खिलाड़ियों के लिए कैंप होगा।
इसमें 22 खिलाड़ी भाग लेंगे। पहले चरण के चयन में 35 खिलाड़ियों ने भाग लिया। दूसरे चरण के कैंप में 22 खिलाड़ी भाग लेंगे। प्रशिक्षण में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ही एशियाड गेम्स में जाने का मौका मिलेगा। 16 खिलाड़ी ही एशियाड गेम्स के चुने जाएंगे।
चयन से बेहद खुश हैं पूजा
इंटरनेशनल कबड्डी खिलाड़ी पूजा ठाकुर ने कहा कि एशियाड में चयन होने पर वह बेहद खुश हैं। अपने खेल कैरियर में वह दो बार एशियाड को प्रयास कर चुकी थीं, लेकिन असफल रही थीं।
अब उन्हें तीसरी बार सफलता हाथ लगी है। यदि इस बार उनका चयन एशियाड गेम्स के लिए नहीं होता तो वह कबड्डी से संन्यास ले सकती थीं।