मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि राजनीति की तरह ही मीडिया के लिए अपनी विश्वसनीयता बनाए रखना एक बड़ी चुनौती है। सीएम बोले कि उन्हें इस बात को कहने से परहेज नहीं है कि राजनीति ने अपनी विश्वसनीयता काफी हद तक खो दी है, पर इसे अब मीडिया भी खो रहा है। इसे जनता का विश्वास बनाए रखना होगा।
सीएम जयराम ठाकुर शनिवार को राष्ट्रीय प्रेस दिवस के उपलक्ष्य पर होटल होलीडे होम शिमला में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। जयराम ठाकुर ने कहा कि सोशल मीडिया के दौर में मीडिया के लिए अपनी विश्वसनीयता बनाए रखना और भी बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि मीडिया जनमत बनाने में बहुत बड़ी भूमिका निभाता है।
सीएम के संबोधन से पहले अमर उजाला के हिमाचल प्रदेश के संपादक राकेश भट्ट, वरिष्ठ पत्रकार पीसी लोहुमी और अर्चना फुल्ल ने अपने वक्तव्य प्रस्तुत किए। उन्होंने मीडिया की चुनौतियों व उपयोगिताओं से परिचित करवाया। इस सत्र की अध्यक्षता मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के प्रधान सचिव संजय कुंडू ने की। इस मौके पर प्रेस क्लब शिमला के अध्यक्ष अनिल हैडली समेत शिमला में कार्यरत कई वरिष्ठ पत्रकार मौजूद रहे।
लिखने का मौका मिला तो मैं जरूर लिखूंगा : जयराम
राष्ट्रीय प्रेस दिवस के उपलक्ष्य पर सीएम जयराम ठाकुर ने यह कहा कि उन्हें भी लिखने का मौका मिला तो वह जरूर कुछ लिखेंगे। वह बोले- मैं अच्छा लिख सकता हूं।