प्रदेश के सरकारी स्कूलों को अभी छोटे बच्चों के लिए नहीं खोला जाएगा। शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने बताया कि सबसे पहले दसवीं और बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों को स्कूल बुलाने की योजना है। इन्हें भी अभिभावकों के सहमति पत्र पर सिर्फ शिक्षकों से परामर्श लेने के लिए स्कूलों में बुलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि दसवीं-बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों को स्कूलों में बुलाने का फैसला मंत्रिमंडल की बैठक में होगा। शिक्षा मंत्री ने कहा कि कॉलेज विद्यार्थियों की वैक्सीनेशन पर अधिक जोर दिया जा रहा है। जल्द ही 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी विद्यार्थियों को वैक्सीन लगा दी जाएगी।
मंत्री महेंद्र सिंह के बयान को हंसकर टाल गए गोविंद
शिमला। कोरोना काल में शिक्षकों को लेकर दिए गए जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह के बयान पर शिक्षा मंत्री का बयान नहीं आने को लेकर पूछे गए सवाल को गोविंद सिंह ठाकुर हंसकर टाल गए। उन्होंने कहा कि इस मामले पर मुख्यमंत्री ने बयान देकर स्थिति स्पष्ट कर दी है। समाज में शिक्षकों का योगदान सबसे अधिक है। शिक्षक की बराबरी कोई नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि देश का कल्याण तभी होगा, जब शिक्षकों को सबसे ऊंचे स्थान पर बिठाया जाएगा।