हिमाचल और पंजाब की सीमा पर भदरोया गांव में चक्की खड्ड के पास शुक्रवार को हथियारबंद संदिग्ध लोगों को देखे जाने के बाद 5 घंटे तक पूरे इलाके को सील कर पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाया। हालांकि, संदिग्धों का कोई पता नहीं चला। पुलिस ने इसकी सूचना देने वाले युवक को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार एक मूकबधिर युवक ने दावा किया कि शुक्रवार को उसने चक्की पुल के निकट आबकारी एवं कराधान विभाग बैरियर के साथ स्थित आर्मी के ट्रेनिंग कैंप ग्राउंड के नजदीक कुछ हथियारबंद संदिग्ध लोगों को सेना की वर्दी में डमटाल के जंगलों में जाते हुए देखा है। उसने यह बात ट्रेनिंग ले रहे सेना के जवानों को बताई।
इस पर सैन्य अधिकारियों ने वहां चल रही ट्रेनिंग बंद कर दी। सैन्य अधिकारियों ने पठानकोट और नूरपुर पुलिस को सूचना दी। पठानकोट के एसपी राकेश कौशल और नूरपुर के डीएसपी नवदीप सिंह ने भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र को सील कर दिया। पुलिस की संयुक्त टीमों ने डमटाल के जंगलों में करीब 5 घंटे तक सर्च अभियान चलाया, लेकिन देर रात तक कोई भी संदिग्ध व्यक्ति नहीं मिल पाया था।
क्या कहना है एसपी कांगड़ा का
एसपी कांगड़ा संजीव गांधी ने बताया कि पूरे क्षेत्र को सील कर पंजाब और हिमाचल पुलिस ने सर्च अभियान छेड़ा हुआ है। पूरे क्षेत्र को बारीकी से खंगाला जाएगा। पठानकोट एयरबेस पर हमले के बाद पुलिस किसी भी तरह का कोई जोखिम नहीं ले रही है। शनिवार को भी पूरी निगरानी रखी जाएगी।