प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था में के रिक्त पदों के आड़े आने के बाद पुलिस मुख्यालय ने बड़ी कवायद शुरू की है। इसके तहत बटालियनों में तैनात जवानों को फील्ड पर उतारने पर विचार किया जा रहा है। योजना है कि फील्ड के सभी रिक्त पदों को बटालियनों में तैनात जवानों के जरिये भरा जाए। साथ ही कानून व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए ज्यादा से ज्यादा जवानों को फील्ड पर उतारा जाए।
विभाग इस संबंध में मंथन में जुट गया है।सूबे के सभी जिलों में जिला पुलिस में बड़ी संख्या में कांस्टेबल और हेड कांस्टेबल के पद खाली चल रहे हैं। इन पदों के खाली होने और फोर्स की कमी के चलते कई बार कानून व्यवस्था संभालने में जिलों के एसपी परेशानी व्यक्त कर चुके हैं।
हालांकि, कानून व्यवस्था और वीआईपी मूवमेंट के दौरान जिलों को बटालियनों से अतिरिक्त पुलिस बल दिलाया जाता है, लेकिन फोर्स मांगने और मिलने के बीच की लंबी खींचतान को अब महकमा कम करने पर विचार कर रहा है। इसके तहत सभी खाली पदों को बटालियनों में तैनात जवानों को स्थानांतरित कर भरने की तैयारी की जा रही है।
सूत्रों का कहना है कि रिक्त पद भरने से जिलों को तत्काल पड़ने वाले जवानों की जरूरत कम हो जाएगी। हालांकि, बटालियनों की संख्या कम होने को लेकर संशय बना हुआ है। कहा जा रहा है कि नई भर्ती के जवानों को ट्रेनिंग पूरी होते ही बटालियनों में भेजकर वहां की रिक्तियों को कम कर लिया जाएगा।