लोकसभा चुनाव को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रदेश सीमाओं पर व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से चलाने के लिए हरियाणा और हिमाचल पुलिस की संयुक्त बैठक डीसीपी कार्यालय पंचकूला में हुई, जिसमें लोकसभा चुनाव और अंतरराज्यीय आपराधिक गतिविधियों को रोकने पर चर्चा की गई। इसमें प्रदेश की सीमाओं के साथ लगते थाना परवाणू, पिंजौर, कालका के प्रभारी समेत अन्य अधिकारी शामिल रहे।
बैठक में नशा तस्करी, शराब तस्करी, अवैध खनन और अन्य आपराधिक गतिविधियों को रोकने और लोकसभा चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से करवाने के लिए रोडमेप तैयार किया गया। पंचकूला पुलिस ने अंतरराज्यीय आपराधिक गतिविधियों को रोकने के लिए जिला सोलन पुलिस को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
एसपी सोलन गौरव सिंह ने बताया कि बैठक में वांछित और उद्घोषित अपराधी, नशा तस्करों, शराब तस्करों, गैर सामाजिक तत्वों की सूची भी दोनों राज्यों की पुलिस ने आपस में आदान-प्रदान की है ताकि सीमांत क्षेत्र में पुलिस कार्रवाई में बेहतर समन्वय बनाया जा सके। साथ ही सीमाओं पर सुरक्षाबलों की ओर से बॉर्डर पेट्रोलिंग, नाकाबंदी के लिए संयुक्त अभ्यास और समन्वय स्थापित करने की प्रणाली भी बनाई गई।