पुलिस ने स्कूटी का काटा चालान, लेकिन नंबर कार का डाल दिया
- फोटो : संवाद
हिमाचल प्रदेश की हमीरपुर जिला पुलिस को चालान काटने की इतनी जल्दी थी कि एक डिजिट गलत डालकर सारा मामला की गड़बड़ कर दिया। नियमों की अवहेलना पर चालान स्कूटी का होना था लेकिन फौजी की गाड़ी का कट गया, जोकि तीन वर्षों से चंडीगढ़ में खड़ी हुई है। जवान ने मुख्यमंत्री सेवा संकल्प के माध्यम से शिकायत दर्ज करवाकर चालान को रद्द करवाने और कार्रवाई करने की मांग उठाई है। जानकारी के अनुसार मंडी जिला के दुदर गांव निवासी हरीश कुमार सेना में कार्यरत हैं और बीते तीन वर्षों से चंडीगढ़ में सेवाएं दे रहे हैं।
हरीश की स्विफ्ट कार भी चंडीगढ़ में ही खड़ी है। 22 जनवरी को हरीश को चालान का मैसेज आया। हरीश ने देखा कि उसकी कार का हमीरपुर के जिला के भूंपल में ओवरस्पीड का चालान हुआ है। चालान पर बाकायदा फोटो भी लगी थी, लेकिन यह फोटो उसकी कार की नहीं बल्कि स्कूटी की थी। फोटो में स्कूटी का नंबर भी साफ दिखाई दे रहा है। स्कूटी का नंबर एचपी 33 ई 5643 है जबकि पुलिस ने 5649 का चालान काटकर भेज दिया है।
इस पूरे मामले में चालान काटने वाले की गलती ही सामने आ रही है जिसने 5643 की जगह 5649 कर दिया। हालांकि नंबर बदलने के कारण सामने डिटेल भी कार की आ गई थी, जिसे शायद चालान काटने वाले ने चेक ही नहीं किया और स्कूटी की फोटो लगाकर कार का ही चालान कर दिया। बहरहाल हरीश कुमार ने इसकी शिकायत दर्ज करवा दी है।