सोशल मीडिया पर वायरल हुए अश्लील वीडियो मामले में पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने कहा कि अभी तक मुख्य आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने कानूनी और तकनीकी रूप से महत्वपूर्ण तथ्य जुटाए हैं। जल्द ही उनके बारे में विशेषज्ञों की रिपोर्ट हासिल होने पर संबंधित व्यक्तियों, आरोपियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि किसी भी बेगुनाह को डरने की आवश्यकता नहीं है। जिस भी पुरुष या महिला की किसी भी कानूनन अपराध जैसे कि अश्लील वीडियो बनाकर शेयर करना, आपत्तिजनक तस्वीरें शेयर करना, अश्लीलता को बढ़ावा देना या सोशल मीडिया पर प्रकाशित करना इत्यादि में संलिप्तता पाई जाती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। बता दें कि पुलिस अब तक दस लोगों के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मामले दर्ज कर चुकी है।
लगातार दर्ज की जा रही एफआईआर के बाद एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधिकारियों से मुख्य आरोपियों के खिलाफ ही मामला दर्ज करने की गुहार लगाई है। वीडियो सामने आए हुए एक सप्ताह का समय हो गया है, लेकिन अभी भी कई लोगों ने सोशल मीडिया से नहीं हटाया है। मामले को लेकर अभी भी चर्चाओं का दौर जारी है।