राजधानी से सटे सुन्नी क्षेत्र में शनिवार सुबह सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। इनकी पहचान भूपिंद्र (46) पुत्र गीता राम गांव तलाह और यशोदा (35) पत्नी हरीश गांव भराड़ा, तहसील सुन्नी निवासी के रूप में हुई है। हादसे में महिला का पति हरीश और उसकी दो बच्चियां घायल हुई हैं। इनका अस्पताल में उपचार चल रहा है। सुन्नी थाना पुलिस हादसे के कारणों का पता लगा रही है। मृतक एचएचसी भूपिंद्र पुलिस विभाग में तैनात था।
पुलिस के मुताबिक हादसा शनिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे बडमैन धार के पास पेश आया। हादसे में घायल हरीश अपने परिवार सहित रिश्तेदार भूपिंद्र के वाहन में सवार होकर सुन्नी से शिमला की तरफ आ रहा था। कार में उसकी पत्नी और दो बच्चियां भी सवार थीं। बडमैनधार के पास कार अनियंत्रित होकर सड़क से बाहर लुढ़क गई और करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के साथ बचाव कार्य शुरू किया।
लेकिन तब तक भूपिंद्र और यशोदा की मौत हो चुकी थी। वहीं हादसे में घायल हरीश और उसकी दो बच्चियों को रेस्क्यू कर उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। बताया जा रहा है कि घायल हरीश और मृतक भूपिंद्र का मामा-भांजा का संबंध था। एसपी मोहित चावला ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हुई है। शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है। मामले की तफतीश जारी है।
राजकीय सम्मान के साथ दी अंतिम विदाई
हादसे में मरने वाले एचएचसी भूपिंद्र को उनके गांव तलाह में एक हेड कांस्टेबल और चार कांस्टेबलों की गार्ड की तरफ से राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। डीएसपी सिटी मंगत राम और एसएचओ सुन्नी जयदेव शर्मा भी अंतिम संस्कार में शामिल हुए। बताया कि मृतक भूपिंद्र के दो बेटे हैं, एक बारहवीं और दूसरा दसवीं कक्षा में पढ़ता है। पुलिस विभाग की ओर से भूपिंद्र के परिजनों को 25 हजार की फौरी मदद दी है।