मंडी। ई-मेल से उपायुक्त कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी के बाद पुलिस ने गहनता से विभिन्न पहलुओं पर जांच पड़ताल की। एंटी सबोटेज चेकिंग के दौरान विस्फोटक सामग्री मिलने पर आखिर क्या किया जाए, इसे लेकर भी पुलिस ने पूरी रणनीति तैयार कर ली थी। बम मिलने की सूरत पर राज्य स्तर पर इससे निपटने के लिए टीम से संपर्क भी कर लिया था। इसके लिए बाकायदा पुलिस अधीक्षक उच्च स्तर पर संपर्क पर रहीं।
ई-मेल से मिली धमकी को पुलिस ने बेहद गंभीरता से लिया और क्लीयरेंस मिलने के बावजूद निगरानी रखी ताकि अप्रिय घटना को रोका जा सके। धमकी के अनुसार वीरवार का दिन शामिल होना पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण रहा। बम कहीं मिला नहीं था, लेकिन ई-मेल से आई धमकी में बम फटने का समय दोपहर डेढ़ बजे बताया गया था।
इस पर पुलिस की जांच बेहद गहनता से जारी रही। पुलिस और प्रशासन किसी भी तरह से सुरक्षा चूक नहीं करना चाहते थे। ऐसे में परिसर खाली करवाना ही उचित समझा। बम मिलने की सूरत पर टीम ने एसओपी के अनुसार ही आगामी कार्रवाई करनी थी, लेकिन ऐसी नौबत नहीं आई। उधर, पुलिस अधीक्षक मंडी साक्षी वर्मा ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई अमल पर लाई गई। आमजन की सुरक्षा के अलावा ई-मेल भेजने वाले का पता लगाने समेत अन्य पहलुओं पर विस्तार से कार्य किया गया है।
000