विधानसभा क्षेत्र सुजानपुर में शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा से तंग आ गई है। अब भाजपा वाले अमेरिकी राष्ट्रपति को भी बुला लें तो भी सत्ता में नहीं आने वाले। अग्निहोत्री ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि भर्तियों में बड़े घोटाले हुए हैं। पुलिस भर्ती का पर्चा लीक नहीं, बल्कि नीलाम किया गया है और इसके कांग्रेस के पास पूरे सबूत हैं। उन्होंने कहा कि पेपर बेचने वाले हिमाचल प्रदेश सचिवालय या पुलिस मुख्यालय में बैठे हैं। लेकिन, सरकार पर्चा खरीदने वालों को हिरासत में ले रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आते ही बेरोजगारों के लिए पक्की नौकरी का इंतजाम करेगी। पहले दिन से ही राशन वितरण प्रणाली में संशोधन करके हर घर तक राशन पहुंचाना सुनिश्चित करेगी।
आउटसोर्स भर्तियां अपने आप में ही घोटाला है। कांग्रेस की सरकार आते ही आउटसोर्स भर्तियों से मिडल मैन की प्रथा खत्म की जाएगी और आउटसोर्स भर्तियों के लिए एक नियम और नीति बनेगी। अग्निहोत्री ने भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सतपाल सत्ती के बयान पर कहा कि अब केवल सत्ता के तीन महीने बाकी हैं और हिमाचल की जनता बीजेपी को खुद जमीन दिखाएगी। हेलिकाप्टर विवाद पर अग्निहोत्री ने कहा कि जिनके पास सबूत हैं, वह उसका खुलासा करें, लेकिन बेतुकी बयानबाजी न करें। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह के बयान पर अग्निहोत्री ने कहा कि भाजपा को कोई अधिकार नहीं है कि गुड़िया प्रकरण पर बात भी करे। क्योंकि डबल इंजन की सरकार है, लेकिन गुड़िया को न्याय दिलाने के लिए केवल बात ही करते हैं।