जहरीली शराब के मामले में चार आरोपियों की पुलिस रिमांड अदालत ने दो फरवरी तक बढ़ा दी है। दो को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। 15 में से छह आरोपियों की पुलिस रिमांड 31 तक थी, सोमवार को सभी को सुंदरनगर अदालत में पेश किया गया। वहीं नौ आरोपी पहले ही न्यायिक हिरासत में भेजे जा चुके हैं। जहरीली शराब मामले में चल रही जांच की समीक्षा के लिए सोमवार को डीजीपी संजय कुंडू सुंदरनगर पहुंचे। उन्होंने आरोपियों से पूछताछ भी की। डीआईजी मधूसूदन और एसपी शालिनी अग्निहोत्री भी इस दौरान मौजूद रहीं। वहीं, मध्यप्रदेश में गिरफ्तार चार और आरोपियों को पुलिस संदरनगर ला रही है। इनमें शराब कांड का आरोपी गुरदेव सिंह निवासी थाना नयनादेवी जिला बिलासपुर, 24 साल का राकेश निवासी ऊना, वीरेंद्र बिलासपुर और अनिल कांगड़ा शामिल हैं।
सूत्रों के अनुसार चारों आरोपी नालागढ़ स्थित बाटलिंग प्लांट का काम देखते थे। इस प्लांट के तार सुंदरनगर में जहरीली शराब से सात लोगों की मौत से जुड़ने के बाद पुलिस चारों की तलाश में थी। एटीएम कार्ड ट्राजेंक्शन, मोबाइल लाकेशन के आधार पर चारों को ट्रेस किया गया। दूसरी और एसआइटी ने कांगड़ा के पालमपुर से एक ट्रक बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को अंदेशा है कि ट्रक में ऊना जिला के अंब से जहरीली और नकली शराब के कच्चे माल की सप्लाई की जाती रही है। यह ट्रक गौरव मिन्हास के एक नजदीकी के नाम पंजीकृत है ट्रक। एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि अदालत ने नीरज ठाकुर व स्प्रिट सप्लायर सागर सैनी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गौरव, कालू, अजय ग्रोवर व संतोष का पुलिस रिमांड दो फरवरी तक बढ़ा दिया गया है।