मुख्य सचिव अनिल खाची ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीन अक्तूबर को प्रस्तावित हिमाचल दौरे को लेकर महत्वपूर्ण बैठक ली। इसमें सीमा सड़क संगठन समेत गृह, पुलिस विभाग के अधिकारियों, उपायुक्त कुल्लू के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से चर्चा की। बैठक में पीएम मोदी के दौरे की तैयारियों पर चर्चा हुई। अलग-अलग विभागों को अलग-अलग कार्यों को ठीक से करने के निर्देश दिए गए। पीएम कहां रुकेंगे और कहां ठहरेंगे, ऐसे तमाम विषयों पर चर्चा हुई।
मुख्य सचिव ने अटल टनल के पूरे हो चुके निर्माण कार्यों के बारे में भी बीआरओ से जानकारी ली। उन्होंने सुरंग के दोनों ओर सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों पर विशेष ध्यान देने को कहा। उपायुक्त और एसपी कुल्लू को विशेष निर्देश दिए कि वे इस दौरान इस क्षेत्र में खूब सतर्कता बरतें। उन्होंने सीएमओ कुल्लू से भी मंत्रणा की कि वे कोरोना संक्रमण के बीच स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों पर नजर रखें। जल्दी इस बारे में एक और बैठक भी संभावित है।