प्रधानमंत्री ने कहा कि जयराम सरकार ने पहाड़ के पानी और जवानी को बहने नहीं दिया। उन्होंने कहा कि पहाड़ का पानी और जवानी कभी भी उसके काम नहीं आती है। लेकिन आज जयराम सरकार के कार्यकाल में पहाड़ का पानी और जवानी पहाड़ के काम आ रही है।
जयराम सरकार की योजनाएं आने वाले वर्षों में हिमाचल की ताकत बनेंगी। जब कोई अच्छा करेगा तो हमारा भी फर्ज बनता है हम उसके लिए अच्छा करें। मोदी ने मंच से हिमाचल के राज्यपाल की भी तारीफ की।
उन्होंने कहा कि राज्यपाल ने हिमाचल में ऑर्गेनिक खेती के लिए अच्छा बीड़ा उठाया है। यह काबिले तारीफ है। मंच के पीछे स्क्रीन और अधिकतर पोस्टरों पर भी मोदी के साथ सिर्फ जयराम ठाकुर के पोस्टर राजनीति के नए अध्याय को बयां कर रहे थे।
मंच पर मोदी के साथ जयराम और राज्यपाल बैठे थे। नड्डा और धूमल की कुर्सी पीएम की कुर्सी से दूर थी। ऐसे में कार्यक्रम के दौरान जयराम के अलावा अन्य नेताओं को मोदी से ज्यादा बात करने का मौका नहीं मिला।
जयराम ने भी मौके का पूरा लाभ उठाते हुए मोदी के साथ दिल खोलकर बातें की। मंच से जबरदस्त नारेबाजी कर अनुराग ठाकुर ने सियासी माइलेज लेने की कोशिश की। मंच पर धूमल अधिकतर समय बिल्कुल शांत और चुप दिखे।