दूसरा घर बताकर हिमाचल से नाता जोड़ते रहे मोदी
हिमाचल प्रदेश को अपना दूसरा घर बताकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपना नाता जोड़ते रहे। उन्होंने कहा कि वह देव संस्कृति और हस्तशिल्प से अभिभूत रहे हैं। हिमाचल प्रदेश की इसी विशेषता को प्रोत्साहन देने के लिए उन्होंने हमेशा काम किया है। कुल्लू, किन्नौर की शॉल, चंबा रुमाल, कांगड़ा पेंटिंग, चंबा की चप्पल, लाहौल की गर्म जुराबें आदि को जीआई टैैग किया गया है। शनिवार को वर्चुअल माध्यम से पड्डल मैदान में भाजपा की युवा विजय संकल्प रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि जब भी विदेशी मेहमानों से मिलना होता है तो वह हिमाचल के उत्पादों को लेकर जाते हैं। हिमाचल से अपना नाता बताते हैं।
यहां के कौशल के बारे में बताते हैं। हिमाचल के युवाओं ने हमेशा देश को गौरवान्वित होने का अवसर दिया है। उन्होंने कहा कि पहाड़ी गांधी बाबा कांशी राम समेत कई स्वतंत्रता सेनानियों ने राज्य में स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया। आजादी के तुरंत बाद जम्मू-कश्मीर पर हुए हमले से लेकर कारगिल युद्ध में हिमाचल के जांबाजों ने सर्वोच्च बलिदान देकर मां भारती का सिर ऊंचा किया है। देश की रक्षा के साथ देश को सम्मान दिलाने में भी हिमाचल के युवा कमाल करते रहे हैं।
हिमाचली खिलाड़ियों को किया याद
मोदी ने कहा कि हाल ही में संपन्न हुए कॉमनवेल्थ खेलों में बेटी प्रियंका ने क्रिकेट, वरुण ने हॉकी और विकास ने वेट लिफ्टिंग में शानदार प्रदर्शन किए हैं। खेल हो या कला। पार्टी हो या सरकार। हिमाचल के युवाओं की प्रतिभा देश के काम आ रही है। मुख्यमंत्री, सांसद , मंत्री हर जगह भाजपा में युुुवाओं का प्रतिनिधित्व सबसे अधिक है। भाजपा देश के युवाओं, हिमाचल के युुवाओं पर सबसे अधिक भरोसा करती है।
हिमाचल को दिए संस्थानों को गिनाते हुए बोले मोदी - कौन हिमाचली होगा, जिसे गर्व न होगा
हिमाचल को दिए कई शिक्षण और अन्य संस्थानों को गिनाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कौन हिमाचली होगा, जिसे इस पर गर्व नहीं हो। मोदी ने कहा कि बिलासपुर का एम्स बनकर तैयार हो चुका है। मोहाली में जिस कैंसर अस्पताल का लाभ हिमाचल को होने वाला है, यह टाटा अस्पताल मुंबई का हिस्सा है। उन्हें बहुत खुशी है कि हिमाचल के बेटे और बेटियां भी अब स्टार्टअप इंडिया, आत्म निर्भर भारत फंड आदि के लिए काम कर रहे हैं। आठ साल में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में भी काम हो रहा है।
इनमें आईआईटी मंडी युवा जोश से सराबोर है, इसके अलावा सिरमौर में आईआईएम, ऊना में आईआईआईटी, एम्स मंडी, अब शिमला के बाद मंडी में विश्वविद्यालय और धर्मशाला में केंद्रीय विश्वविद्यालय है। हर बड़े क्षेत्र से जुड़े प्रीमियम संस्थान हिमाचल में भी हैं। इसका लाभ हिमाचल के बेटे-बेटियों को होने वाला है। आठ-दस साल पहले जो संभव नहीं था, वह करके दिखाया है। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन में हिमाचल के आठ लाख परिवारों को नल से जल की सुविधा मिली हैै।
टीकाकरण ने दुनिया भर के पर्यटकों को विश्वास दिया कि हिमाचल सुरक्षित
पीएम मोदी ने कहा कि अभी भी दुनिया के कई देशों में कोरोना की वजह से पर्यटन नहीं खुला है। हिमाचल के लिए तो दोनों हाथ में लड्डू हैं। पर्यटन को कोविड से बाहर निकालने के लिए टीकाकरण के सफल अभियान ने यह विश्वास देश-विदेश के पर्यटकों को दिया है कि हिमाचल सुरक्षित है। कई देशों के साथ ई वीजा भी शुरू किया गया है।
भाषण शुरू करते हुए और खत्म करते हुए दो बार मांगी युवाओं से माफी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाषण शुरू करते हुए और खत्म करते हुए दो बार युवाओं से माफी मांगी। उन्होंने कहा कि वह सभी युवा साथियों से क्षमाप्रार्थी हैं कि हिमाचल नहीं आ पा रहे हैं और दिल्ली से ही उन्हें वर्चुअल माध्यम से जुड़ना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि तय कार्यक्रम के तहत उन्हें अब तक मंडी पहुंच जाना था। मौसम खराब होने की वजह से यह संभव नहीं हो पाया।
मोदी ने कहा कि वह दिल्ली से ही सभी से संवाद कर रहे हैं। जब हिमाचल आना होता है तो वह बहुत उत्साह में आ जाते हैं, मगर न मिल पाना और सामने आकर दर्शन न कर पाना जितना दुखद है, उससे मन में कसक रह जाती है। आने वाले दिनों में वह इसका लाभ ले लेंगे और हिमाचल आकर मिल लेंगे। वह देख रहे हैं कि सारे नौजवान ठंड के मौसम में भी जब पानी गिर रहा है तो कुर्सी को ही छाता बनाकर खड़े हैं।
इससे उत्साह और प्यार नजर आता है। मोदी ने कहा कि वह क्षमा चाहते हैं कि मौसम के कारण रुकावटें आईं। इसमें कभी मौसम भी बीच में नहीं आ सकता। नौजवान लंबी यात्रा करके आए हैं। यह कितना कठिन होता है। स्वास्थ्य का ध्यान रखें। पहाड़ के लोगों को तो इसकी टेक्नीक भी पता होती है।