प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 अप्रैल को शिमला के रिज मैदान पर रैली को संबोधित करने से पहले हाइड्रो इंजीनियर कॉलेज का शिलान्यास करेंगे। बिलासपुर जिले के बंदला गांव में खुलने वाले देश के पहले हाइड्रो कॉलेज में इसी साल पहला बैच बैठाने की तैयारी है।
कॉलेज में सिविल इलेक्ट्रिकल, मेकेनिकल, कंप्यूटर इंजीनियर की 240 सीटें भरी जाएंगी। एनएचपीसी और एनटीपीसी के बीच एमओयू हो गया है और सवा सौ करोड़ रुपये खर्च कर इस कॉलेज को तैयार किया जाएगा।
पीएम मोदी की रैली के प्रभारी एवं भाजपा के प्रमुख प्रवक्ता राजीव बिंदल ने कॉलेज के शिलान्यास की पुष्टि की है। बताया जा रहा है कि पीएम से सिरमौर के धौलाकुआं में आईआईएम और बिलासपुर में एम्स का शिलान्यास भी कराया जा सकता है।
इसे लेकर मंगलवार को नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती सहित अन्य वरिष्ठ नेता बैठक कर फैसला लेंगे। उधर, भाजपा पदाधिकारियों ने सोमवार को रिज मैदान पर होने वाली रैली स्थल का निरीक्षण किया। पार्टी की ओर से भाजपा कार्यकर्ताओं की ड्यूटियां भी लगाई गई हैं।
शिमला पहुंचे नड्डा, रैली की तैयारियों पर बैठक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा सोमवार शाम करीब सात बजे राजधानी शिमला पहुंच गए हैं। नड्डा ने रैली की तैयारियों को लेकर होटल पीटरहॉफ में प्रदेश भाजपा पदाधिकारियों की बैठक ली।
इसके बाद नड्डा ने नेता प्रतिपक्ष प्रो. प्रेम कुमार धूमल, पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती और शिमला के विधायक सुरेश भारद्वाज के साथ भी बैठक की। मंगलवार से भाजपा के वरिष्ठ नेता रैली की कमान अपने हाथों में लेंगे। नड्डा, धूमल सत्ती रैली स्थल का निरीक्षण भी करेंगे।
तीन वरिष्ठ नेता कसुम्पटी, सब्जी मंडी और टुटू में करेंगे सफाई
मंगलवार दोपहर डेढ़ बजे नड्डा कसुम्पटी में सफाई अभियान में भाग लेंगे जबकि धूमल साढ़े 12 बजे सब्जी मंडी और सत्ती टुटू में कार्यकर्ताओं के साथ सफाई अभियान में हिस्सा लेंगे।
भाजपा ने तय किए 3 रूट, यहां से रिज आ सकते हैं मोदी
भाजपा ने पीएम मोदी के शिमला आगमन के लिए तीन रूट तय किए हैं। पीएम अनाडेल से रिज मैदान वाया एजी ऑफिस, विक्ट्री टनल वाया सीटीओ रिज मैदान या हाईकोर्ट से वाया राजभवन मच्छी वाली कोठी होते हुए रिज मैदान पर आ सकते हैं।
पीएम की रैली को लेकर गाड़ियों के पार्किंग स्थल तय
भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रिज मैदान पर होने वाली रैली के लिए गाड़ियों के पार्किंग स्थल तय कर दिए हैं। प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष गणेश दत्त ने कहा कि सिरमौर, सोलन व कालका शिमला मार्ग से आने वाली बसें टुटीकंडी बाईपास पर पार्क होंगी जबकि छोटे वाहन 103 टनल पर कार्यकर्ताओं को छोड़कर वापस टुटीकंडी बाईपास जाएंगे।
यहां पर अजय सरना व बॉबी राणा व्यवस्था के लिए उपलब्ध रहेंगे। कार्यकर्ता 9218574243 और 7832000009 पर संपर्क कर सकेंगे। इसी तरह बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू और लाहौल से आने वाली बसें व अन्य बड़े वाहन बालूगंज चौक पर कार्यकर्ताओं को ड्रॉप करेंगे। इनके वाहन खड़े करने की व्यवस्था समरहिल रोड पर होगी।
छोटे वाहन का ड्रॉपिंग स्थान एडवांस स्टडीज चौक पर होगा और वाहनों की पार्किंग समर हिल सांगटी रोड वाया आईटीआई में होगी। कार्यकर्ता इसके लिए 9418026726 और 9418103663 पर संपर्क कर सकेंगे। महासू, किन्नौर, रामपुर आनी और करसोग से आने वाले वाहनों का ड्रॉपिंग स्थान संजौली कॉलेज रहेगा जबकि वाहन ढली बाईपास पर खड़े किए जाएंगे।
कार्यकर्ता इसके लिए 5805466800, 9418481842 पर संपर्क कर सकते हैं। प्रदेश उपाध्यक्ष एवं यातायात प्रभारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर यह व्यवस्था की गई है।