टनल में हर 150 मीटर की दूरी पर टेलीफोन सुविधा होगी। 60 मीटर पर हाइड्रेंट, हर 500 मीटर पर आपातकालीन निकास, प्रत्येक 2.2 किमी में वाहन मोड़ सकेंगे। हर 1 किमी में हवा की गुणवत्ता चेक होगी। हर 250 मीटर पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं।
उद्घाटन के बाद पीएम मोदी नॉर्थ पोर्टल में निगम की बस को हरी झंडी दिखाकर 15 बुजुर्ग यात्रियों को साउथ पोर्टल की तरफ रवाना करेंगे। यात्रियों को निगम की तरफ से मोदी उनके छपे फोटो वाले टिकट भी देंगे। निगम के आरएम मंगल मनेपा ने बताया कि बस को सजाने के बाद इसे एनएसजी के हवाले कर दिया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार सुबह नौ बजे मनाली पहुंचेंगे। पीएम के दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। जमीन के साथ-साथ आसमान से भी कड़ी नजर रखी जा रही है। शुक्रवार को डॉग स्क्वायड से सासे हेलीपैड, भुंतर एयरपोर्ट तथा जनसभा स्थलों की जांच की गई। पीएम के दौरे के लिए एसपीजी और सुरक्षा एजेंसियों ने महत्वपूर्ण जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। शनिवार को सासे हेलीपैड से सोलंगनाला होते हुए पीएम के काफिले की फिर से रिहर्सल की गई।
लाहौल के सिस्सू तक हुई रिहर्सल में करीब 30 गाड़ियों का काफिला शामिल था। पुलिस के साथ एसपीजी ने पूरे इलाकों को सील कर दिया है। बाहर से आने वाली गाड़ियों को एंट्री नहीं दी जा रही है। हालांकि, पीएम मोदी का हेलीकाप्टर मनाली के सासे में उतरेगा। बावजूद इसके एसपीजी ने प्रोटोकाल के हिसाब से भुंतर एयरपोर्ट को भी विकल्प के रूप में तैयार रखा गया है। यहां भी एसपीजी ने कड़ी निगरानी रखी है। डॉग स्क्वायड से भी चप्पे-चप्पे का निरीक्षण किया गया।