बैजनाथ-पपरोला रेलवे स्टेशन का वर्चुअल किया लोकार्पण
- फोटो : संवाद
कांगड़ा जिले में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित बैजनाथ-पपरोला रेलवे स्टेशन का वीरवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान से वर्चुअल तरीके से उद्घाटन किया। करीब आठ करोड़ रुपये की लागत से तैयार रेलवे स्टेशन में यात्रियों के लिए कई आधुनिक सुविधाएं जोड़ी गई हैं।
उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल के तहत पठानकोट-जोगिंद्रनगर नैरो गेज रेललाइन पर स्थित स्टेशन पर अब यात्रियों को वातानुकूलित प्रतीक्षालय और आरामदायक रिटायरिंग रूम की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा शिशुओं के लिए विशेष आहार कक्ष की सुविधा भी इसमें उपलब्ध करवाई गई है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 1544 वर्ग मीटर क्षेत्र में नया प्लेटफॉर्म शेल्टर भी बनाया गया है, जो धूप और वर्षा से सुरक्षा प्रदान करेगा।
रेलवे स्टेशन का डिजाइन स्थानीय कांगड़ा संस्कृति और पारंपरिक वास्तुकला से प्रेरित है, जो क्षेत्रीय पहचान को दर्शाता है। बैजनाथ-पपरोला स्टेशन देशभर के उन 103 स्टेशनों में शामिल है, जिनका एक साथ लोकार्पण किया गया। बैजनाथ-पपरोला स्टेशन के उद्घाटन समारोह में सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज, इंदू गोस्वामी, विधायक किशोरी लाल, उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक अशोक कुमार वर्मा उपस्थित रहे।