पूर्व सांसद प्रतिभा और डॉ. अमरीन भी हुईं शामिल संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी के ऑकलैंड हाउस स्कूल शिमला के 160वें स्थापना दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्कूल में एलुमनाई मीट का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में स्कूल के पूर्व छात्रों ने शिरकत की। कार्यक्रम की शुरुआत विशेष प्रार्थना सभा से हुई। इसके बाद विद्यालय की समृद्ध शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक विरासत को समर्पित एक स्मारक कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। विद्यालय की विरासत को समर्पित एक विशेष डाक आवरण भी जारी किया। प्लांटिंग मेमोरीज एंड ग्रोइंग द फ्यूचर थीम पर पूर्व छात्राओं ने विद्यालय परिसर में 160 पौधे लगाकर विशेष पौधरोपण अभियान चलाया। इस मौके पर कक्षा 12वीं की छात्राओं और पूर्व छात्राओं के बीच मैत्रीपूर्ण खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। डायोसिस ऑफ अमृतसर के बिशप राइट रेवरेंड मनोज चरण ने समारोह की अध्यक्षता की। पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह और डॉ. अमरीन कौर भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। प्रतिभा सिंह ने कहा कि ऑकलैंड हाउस स्कूल ने आत्मविश्वासी, संवेदनशील और सामाजिक रूप से जागरूक महिलाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। विद्यालय की प्रधानाचार्य स्मारकी स्मांतराय ने कहा कि यह आयोजन केवल एक एलुमनाई मीट नहीं बल्कि साझा स्मृतियों, मूल्यों और विद्यालय से जुड़े आजीवन रिश्तों का उत्सव है। कार्यक्रम में ऑकलैंड हाउस स्कूल फॉर बॉयज के संस्थापक प्रधानाचार्य माइकल जॉन तथा वर्तमान प्रधानाचार्य रूबेन जॉन भी उपस्थित रहे।