नई पाइपलाइन बिछने से खत्म होगा पानी का संकट
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी में 24 घंटे पानी देने की सतलुज योजना के तहत अब जाखू क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू होगा। पेयजल कंपनी के अनुसार बुधवार से यह काम शुरू किया जा रहा है। जाखू में नाइलेट सेंटर और रोपवे भवन के पास नई लाइन बिछाने का काम शुरू होगा।
यह क्षेत्र परियोजना के पैकेज तीन के तहत आता है। इसमें सांगटी, बैनमोर और जाखू वार्ड शामिल हैं। सांगटी वार्ड के नवबहार क्षेत्र में पहले ही काम शुरू हो चुका है। सुएज इंडिया कंपनी इस काम को कर रही है। इस क्षेत्र में सड़क किनारे नई लाइन बिछाई जाएगी। योजना के तहत वर्तमान पेयजल लाइनों की जगह बड़े आकार की लाइनें बिछाई जा रही हैं। इन्हें बिछाने का काम पूरा होने के बाद लोगों को इनसे कनेक्शन दिए जाएंगे। इससे लोगों को 24 घंटे प्रेशर के साथ पानी मिलेगा। योजना के तहत शहर के मशोबरा और ढली क्षेत्र में काम लगभग पूरा हो चुका है।
पैकेज दो के तहत संजौली, चलौंठी, ढींगूधार, शांति विहार में पेयजल लाइन बिछाई जा रही है। पैकेज दस के तहत शहर के कच्चीघाटी, मज्याठ, समरहिल और टुटू में काम चल रहा है। सुएज इंडिया कंपनी का कहना है कि काम शुरू करने से पहले स्थानीय लोगों से बात की जा रही है। इन्हें योजना की जानकारी दी जा रही है ताकि काम जल्द पूरा किया जा सके।