विभिन्न जिलों में पहुंची पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति।
- फोटो : संवाद
मोटर व्हीकल एक्ट में हिट एंड रन से जुड़े कानून में बदलाव के विरोध में खड़े ट्रक तीसरे दिन बुधवार से सड़कों पर दौड़ने शुरू हो गए हैं। वहीं, निजी बस सेवाएं भी सुचारू हो गई हैं। हड़ताल खत्म होने के बाद मंगलवार देररात व बुधवार सुबह हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति पहुंची। पेट्रोल पंपों पर तेल के टैंकर पहुंचते ही लोगों ने राहत की सांस ली। वाहन चालकों की हड़ताल खत्म होने के बाद बीबीएन से 1000 ट्रक सामान लेकर रवाना हो गए हैं। ट्रक दो दिनों से बीबीएन में ही खड़े हुए थे। लेकिन बुधवार से सामान की ढुलाई का कार्य शुरू हो गया है। पेट्रोल और डीजल की सप्लाई सुचारू होने से बुधवार को हालात सामान्य हो गए। जहां पर पेट्रोल पंपों पर लंबी-लंबी लाइन लग रहीं थीं। वहीं एशिया की सबसे बड़ी ट्रक यूनियन में बुधवार को 1000 से अधिक ट्रक माल भर कर रवाना हुए हैं। औद्योगिक क्षेत्र में सप्लाई सामान्य हो गई है। बुधवार को बद्दी, बरोटीवाला व नालागढ़ में कैंटरों को वापस काम मिलना शुरू हो गया है।
मंगलवार को चालकों की हड़ताल के चलते इक्का-दुक्का ट्रक की माल लेने को तैयार हुए थे। लेकिन हड़ताल समाप्त होने के बाद बुधवार को जहां पर उद्योगों में माल लेने के लिए ट्रक पहुंच गए हैं। वहीं आम लोगों को भी तेल की किल्लत से निजात मिली है। मंगलवार शाम को पेट्रोल पंपों पर तेल आना शुरू हो गया था। तेल आने की सूचना मिलते ही वाहन चालकों में तेल भरवाने के लिए होड़ लग गई।
बद्दी के हरमन फिलिंग स्टेशन के संचालक मदन लाल चौधरी ने बताया कि मंगलवार शाम को ही तेल के टैंकर पहुंच गए थे और जहां पर पहले छोटे वाहनों की ही तेल मुहैया कराया जा रहा था। वहीं अब बड़े वाहनों को भी तेल दिया जा रहा है। अब अन्य दिनों की तरह रुटीन में सभी वाहनों के डीजल व पेट्रोल डाला जा रहा है। उधर, नालागढ़ ट्रक यूनियन के प्रधान हरभजन सिंह ने बताया कि ट्रक चालकों की हड़ताल सामाप्त होने के बाद बुधवार को यूनियन के पास एक हजार ट्रकों की मांग थी। बद्दी, नालागढ़ व बरोटीवाला में पुकार कर कराई गई और जिन उद्योगों में डिमांड थी वहां पर ट्रक भेजे गए। वहीं टेंपू यूनियन के प्रधान राजेश ने बताया कि हड़ताल समाप्त होने के बाद सभी कैंटर वापस रोजमर्रा की तर्ज पर काम पर लौट गए हैं।
शिमला शहर में तीन दिन बाद सामान्य हुई पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति
हिट-एंड-रन दुर्घटना से जुड़े नए कानून में सख्त सजा के प्रावधान के खिलाफ ड्राइवरों की हड़ताल खत्म होने के बाद राजधानी में ईंधन की आपूर्ति सामान्य हो गई है। बुधवार को शहर में पंप ऑपरेटरों को डिमांड के मुताबिक तेल और डीजल की सप्लाई दी गई। पंपों पर तेल भरवाने के लिए लोगों की स्थिति सामान्य रही। देशव्यापी हड़ताल के चलते बीते तीन दिनों शहर में ईंधन की सप्लाई ठप हो गई थी। इस दौरान शहर के करीब 12 पंपों में से अधिकतर पंप ड्राई हो गए थे। कुछ एक पंपों पर ही सिर्फ 500 और 1000 रुपये का की ईंधन उपलब्ध करवाया जा रहा था, लेकिन अब पहले की तरह पंपों पर तेल और डीजल वाहनों में भरा जा रहा है। राजधानी में हिमफेड के छोटा शिमला और ठियोग पंप पर बुधवार सुबह दो टैंकर उतारे गए। इस दौरान करीब 12 हजार लीटर पेट्रोल और 12 हजार लीटर डीजल की सप्लाई दी गई। क्षेत्रीय प्रबंधक यशवंत वर्मा ने बताया कि अब शहर में ईंधन की आपूर्ति सामान्य हो गई है। डिमांड के अनुरूप डिपो से ईंधन की सप्लाई पहुंच रही है। इधर, इंडियन ऑयल के मंडल प्रमुख इंद्र लाल नेगी ने बताया कि पंजाब में हड़ताल की स्थिति सामान्य हो गई है। प्रदेश भर के अलग-अलग जिलों में बुधवार सुबह करीब 190 तेल के टैंकर पंपों पर उतारे गए है। इसके अलावा करीब 280 टैंकर सूबे के अलग-अलग जिलों में भेजे गए है। वीरवार को सभी टैंकर पंपों पर पहुंच जाएंगे। ईंधन को लेकर लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।