ऊपरी शिमला के उपमंडल ठियोग के साथ लगती लाफु घाटी में घास में लगी आग की चपेट में आने से ऊना निवासी 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई है। यह युवक अपने दोस्तों के साथ यहां वेल्डिंग का काम करता था। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार दोपहर के समय लाफु घाटी में उगी घास में अचानक आग लग गई। तेज हवा के साथ आग कई किलोमीटर के क्षेत्र में फैल गई। बताया जा रहा कि युवक घाटी के साथ लगते मकान में दो दोस्तों के साथ वेल्डिंग का काम कर रहा था।
इस दौरान वह तेज हवा से उठी आग की लपटों की चपेट में आ गया और बुरी तरह से झुलस गया। स्थानीय लोगों ने गंभीर हालात में उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। लेकिन, इलाज के दौरान युवक ने अस्पताल में ही दम तोड़ दिया। डीएसपी कुलविंद्र सिंह ने इसकी पुष्टि की है। युवक की पहचान जपन (21) पुत्र इंद्रजीत सिंह तहसील हरोली जिला ऊना के रूप में हुई है। पुलिस ने युवक के परिजनों को इसकी सूचना दे दी है। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा