कांगड़ा के बैजनाथ उपमंडल की पपरोला खास पंचायत के तहत आने वाले टाशी जोंग स्थित तिब्बतियन मोनेस्ट्री के 31 वर्षीय लामा कर्मा की पुल के नीचे गिरने से मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक लामा पुल के एक छोर पर बैठकर फोन पर बात कर रहा था।
इसी दौरान यह हादसा हुआ। पुलिस ने उपमंडलीय चिकित्सालय में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं, इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। शव की पहचान कर्मा पुत्र अंगदुत निवासी पुह (किन्नौर) के रूप में हुई है।
वीरवार सुबह लोगों ने पुराने पुल के नीचे लामा का शव पड़े होने की सूचना पुलिस और पंचायत प्रधान होंसर राम को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस के अनुसार कर्मा राष्ट्रीय उच्च मार्ग के समीप टाशी जोंग में पुराने पुल से अचानक नीचे गिर गया।
खड्ड के किनारे पत्थर पर औंधे मुंह गिरने से उसके सिर पर चोटें आ गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लामा करीब 30 फीट नीचे गिरा हुआ था और उसका मोबाइल थोड़ी दूरी पर पड़ा था। कर्मा 25 साल से अधिक समय से मोनेस्ट्री में शिष्य के रूप में अध्ययनरत था।
कर्मा की मौत पर किसी ने कोई शक जाहिर नहीं किया है। उधर, डीएसपी पूर्ण चंद ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद मामले के सुलझने की उम्मीद है। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।