हिमाचल के चंबा जिले में चरस के साथ पकड़े गए आरोपी के कोरोना संक्रमित निकलने से हड़कंप मच गया है। आरोपी को कोविड केयर सेंटर शिफ्ट किया गया है। आरोपी के संपर्क में आए गैहरा पुलिस चौकी के 12 पुलिस व गृह रक्षक जवान होम क्वारंटीन हो गए हैं। पुलिस चौकी को भी सैनिटाइज करवाया गया है।
चौकी प्रभारी अनिल वालिया ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर ग्राम पंचायत प्यूहरा के कूंर धार से आरोपी को दबोचकर उससे 278 ग्राम चरस बरामद की गई थी। एहतियातन आरोपी के लिए गए सैंपल में उसके कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है। लिहाजा, आरोपी को कोविड केयर सेंटर भेज दिया गया है। जैसे ही आरोपी की रिपोर्ट निगेटिव आएगी, उस पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि गैहरा चौकी में तैनात स्टाफ में तीन जवानों को छोड़कर शेष 12 आरोपी के संपर्क में आए हैं। उन्हें होम आइसोलेट किया गया है।