आज और कल होगा क्रिकेट मैच का लाइव प्रसारण
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। आईपीएल मैचों के लाइव प्रसारण के लिए राजधानी के रिज मैदान पर बीसीसीआई ने फैन पार्क बनाया है। इसमें क्रिकेट प्रेमी बड़ी स्क्रीन पर आईपीएल मैचों का लाइव प्रसारण देख सकेंगे।
शिमला में 18 और 19 मई को फैन पार्क में मैचों का लाइव प्रसारण दिखाया जाएगा। इसमें करीब 1000 लोग रिज पर आईपीएल मैच का मजा ले सकेंगे। फैन पार्क में शनिवार को 18 मई को एक मैच और रविवार को दो आईपीएल मैचों का प्रसारण किया जाएगा। इसके लिए शनिवार को दर्शक शाम साढ़े छह बजे से प्रवेश कर सकेंगे। रविवार को दोपहर ढाई बजे गेट खुलेगा। क्रिकेट प्रेमी अपना पंजीकरण करवाकर फैन पार्क में लाइव मैच की तरह ही मैचों का लुत्फ उठा सकते हैं। यहां गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों के बैठने के लिए अलग से व्यवस्था रहेगी।
विज्ञापन
बच्चों को खेलने के लिए खेलकूद कॉर्नर बनाया है। सुरक्षा के लिए महिला सुरक्षा कर्मी और पुरुष सुरक्षा कर्मी, दमकल विभाग की गाड़ी सहित एंबुलेंस और एक चिकित्सक भी मौजूद रहेगा। मैच के दौरान अलग से फूड कॉर्नर भी लगेंगे। इनमें दर्शकों को बाजार की कीमत पर खाद्य वस्तुएं उपलब्ध होंगी। फैन पार्क में शनिवार को चैन्नेई सुपर किंग्स का सामना रॉयल चैंलेंजर्स बंगलूरू से होगा। रविवार को पहला मुकाबला सन राइर्स हैदराबार और पंजाब किंग्स बीच होगा। दूसरा मुकाबला राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच होगा। इन तीनों मैचों का फैन पार्क में लाइव प्रसारण किया जाएगा।
अणु में भी बनाया फैन पार्क : अमित
बीसीसीआई की भारतीय टीम केे ऑपरेशन मैनेजर अमित सिदेश्वर ने कहा कि क्रिकेट प्रेमियों के लिए हमीरपुर के अणु में भी फैन पार्क बनाया हैै। फैन पार्क में शनिवार शाम को एक मैच और रविवार को दो आईपीएल मैचों का प्रसारण किया जाएगा। दर्शक निशुल्क इन मैचों का आनंद ले सकते हैं। मैच के दौरान एक लकी ड्राॅ निकाला जाएगा। लकी ड्राॅ के विजेता को विभिन्न खिलाड़ियों की साइन की हुई एक टी शर्ट दी जाएगी।