मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर कुरानी बूथ पर मतदान किया
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपनी पत्नी डॉ. संध्या और मां बिक्रमू देवी के साथ रविवार सुबह करीब 11 बजे सराज की मुरहाग पंचायत के कुरानी बूथ पर परिवार सहित मतदान किया। मतदान के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि चुनावों के चक्कर में लोग आपसी रिश्तेदारी खराब न करें। सीएम ने दावा किया कि इस बार के पंचायत चुनावों में 70 प्रतिशत प्रतिनिधि भाजपा समर्थित जीतेंगे। नगर निकाय चुनावों में भी 70 प्रतिशत प्रतिनिधि भाजपा समर्थित चुनकर आए हैं। सीएम ने लोगों से योग्य उम्मीदवारों को चुनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए पंचायतें सबसे छोटी और सशक्त संस्था बनकर सामने आई हैं।
इसी बात को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने 15 वर्षों के बाद प्रदेश में 389 नई पंचायतों, 7 नगर पंचायतों और 3 नगर निगमों का गठन किया है। पंचायत चुनावों को कुछ लोग व्यक्तिगत रूप में ले लेते हैं, जिससे फिर गांव परिवार में तनाव पैदा होने लग जाता है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे इन चुनावों में गांव परिवार को बीच में शामिल न करते हुए क्षेत्र के विकास के लिए बेहतरीन प्रतिनिधियों का चुनाव करें। मुख्यमंत्री ने इसके बाद अपनी कुलदेवी बगलामुखी और देव मतलोड्डा के मंदिर में माथा टेका और आशीर्वाद लिया। वहीं, नव गठित ग्राम पंचायत जलपेहड़ में सांसद रामस्वरूप शर्मा ने अपनी धर्मपत्नी चंपा शर्मा के साथ परिवार समेत मतदान किया।