बाबा के कहने पर करंट लगने के बाद मरे पड़े छात्र के शव को लोगों ने जमीन में गाड़ दिया। पांच घंटे तक ये तमाशा चलता रहा। लोग युवक के जिंदा होने का इंतजार करते रहे कि तभी पुलिस मौके पर पहुंच गई। युवक के शव को बाहर निकाला गया।
ये सनसनीखेज मामला हिमाचल के चंबा में पेश आया। चंबा के भरमौर में करंट से युवक की मौत के बाद उसे फिर जिंदा करने के लिए लोगों ने उसे गले तक जमीन में गाड़ दिया। घटना के बाद अचानक मौके पर पहुंचे एक बाबा ने लोगों को ऐसा करने की राय दी। बाबा ने कहा कि यदि युवक को जमीन में गड्ढा कर गले तक गाड़ दिया जाए तो वो जिंदा हो सकता है।
अंधविश्वास में आकर युवक के जिंदा होने की उम्मीद में परिजनों और ग्रामीणों ने मिलकर गांव के बीच में ही एक गड्ढा खोद दिया और युवक को गले तक इसमें गाड़ दिया। करीब पांच घंटे तक युवक के जिंदा होने का इंतजार ग्रामीण करते रहे, लेकिन वो नहीं जागा।
सैकड़ों लोगों के बीच चला अंधविश्वास का खेल
गांव के सैकड़ों लोगों के बीच अंधविश्वास का यह खेल चलता रहा। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी और पुलिस मौके पर पहुंच गई। उन्होंने युवक के शव को गड्ढे से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। भरमौर थाना प्रभारी ज्ञान सिंह ठाकुर ने बताया कि युवक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
बिजली की तार की चपेट में आया था युवक
विकास उर्फ बंटी पुत्र शिव कुमार, बारहवीं में पढ़ता था। धरकौथा से अपने ननिहाल सठली गया था। वापस आते समय सठली नामक जगह पर जब वह गाड़ी का इंतजार कर रहा था।
अचानक सड़क के साथ स्थित घर के स्लैब के साथ गुजरती बिजली की तार की चपेट में आ गया और बिजली का आघात लगने से युवक सड़क से नीचे गिर गया। इससे पहले लोग वहां तक पहुंच पाते युवक बेसुध हो गया था जिसे अस्पताल पहुंचाने पर युवक को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घंटों इंतजार करते रहे परिजन
विकास की करंट लगने से हुई मौत के बाद विकास के पिता शिव कुमार अस्पताल पहुंचे तो उन्हें चिकित्सकों ने बेटे के मरने की खबर दी। इस बीच शिव कुमार को मिली सलाह पर ही पूरे परिवार की उम्मीद ठहर गई और निर्जीव हो चुके विकास के शरीर को परिजनों ने एक गड्ढे में डाल दिया।
इसके बाद लगातार इंतजार करते रहे लेकिन शरीर में कोई हरकत नहीं हुई और इसके साथ ही परिजनों की उम्मीद भी टूट गई। विकास को शिव कुमार ने चंबा के जाने माने स्कूल में दाखिल किया था। उसकी मां सुमना देवी व उसकी बहनें सपना और काकी को जब यह सूचना मिली तो मां और बहनें अपने भाई के गम में बिलख बिलख कर रोई। मृतक युवक का अंतिम संस्कार वीरवार को किया जाएगा।