शिमला में सीटीओ चौक पर होगा प्रदर्शन अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति की ओर से 16 मार्च को किए जाने वाले प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत जिला शिमला में भी प्रदर्शन होगा। राजधानी में सीटीओ चौक पर पेंशनर बड़ा प्रदर्शन करने जा रहे हैं।
समिति के अतिरिक्त महासचिव भूपराम वर्मा ने मंगलवार को बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि पांच मार्च को सुंदरनगर में हुई राज्य स्तरीय बैठक में सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन करने का फैसला लिया है। 18 मार्च से सरकार का बजट सत्र शुरू होने जा रहा है और 21 मार्च को बजट पेश किया जाएगा। इसलिए सभी पेंशनर अपनी मांगों को लेकर शिमला के सीटीओ चौक पर 16 मार्च को प्रदर्शन करेंगे। समिति ने सरकार से आग्रह किया है कि बजट में पेंशनरो की अनदेखी न की जाए और देय वित्तीय लाभों का भुगतान करने के लिए बजट में प्रावधान किया जाए।
समिति के नेताओं ने एक तथाकथित नेता के कालीबाड़ी में दिए बयान की भी निंदा की है। महासचिव ने कहा कि जब वित्तीय लाभ की बात आती है तो उसमें किसी दल की विचारधारा नहीं देखी जाएगी। समिति के अध्यक्ष सुरेश ठाकुर की अध्यक्षता में 18 पेंशनरों के संगठनों का जिला स्तर पर प्रदर्शन होगा। यदि सरकार आगामी बजट में राहत देती है तो 30 मार्च को होने वाली रैली को भी स्थगित किया जा सकता है। इस अवसर पर संयुक्त संघर्ष समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष गंगा राम शर्मा, मीडिया प्रभारी सैन राम नेगी, प्रेस सचिव लायक राम शर्मा, जिला अध्यक्ष भागचंद चौहान, जिला संयोजक मोहन ठाकुर, शहरी प्रधान मदन शर्मा, सह-संयोजक गुलाब सिंह ठाकुर, संयुक्त सचिव हरि सिंह रांटा, राम स्वरूप ठाकुर और एनएस वर्मा भी मौजूद रहे।