हिमाचल पथ परिवहन निगम की विभिन्न कार्यशालाओं में कार्यरत पीस मील वर्करों के लिए जल्द ही नीति बनाई जाएगी। यह बात टांडा में पीस मील कर्मियों से परिवहन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कही।
उन्होंने कहा कि दिवाली के दौरान पीस मील वर्करों को अनुबंध का तोहफा दिया जाना था, लेकिन किसी कारणवश समय रहते सर्विस कमेटी की मीटिंग नहीं हुई, जिससे यह मामला लटक गया। वहीं उन्होंने अब पीस मील कर्मियों को भरोसा दिलाया है कि वह जल्द ही इनके लिए कोई नीति बनाएंगे।
प्रदेश भर में 1000 के करीब पीस मील वर्कर विभिन्न कार्यशालाओं में कार्य कर रहे हैं। पीस मील वर्कर यूनियन के अध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि परिवहन मंत्री ने उनके लिए जल्द नीति बनाने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग के इस फैसले से पीस मील वर्करों में खुशी है।