इस दौरान कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के सांसद किशन कपूर ने कहा कि लोकसभा चुनावों में जीत के लिए संगठन की योजनाओं ने अपनी अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2004 के लोकसभा चुनावों में छोटी सी गलती की वजह से हार हुई थी। उस दौरान वाजपेयी सरकार की योजनाओं को लाभार्थियों तक नहीं पहुंचाया जा सका था। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में जनता ने उन्हें रिकॉर्ड मतों से जिताया है, यह जीत कार्यकर्ताओं की है।
परिवार में होते रहते हैं छोटे-मोटे विवाद
जिला कांगड़ा में भाजपा में चल रही तनातनी पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कहा कि भाजपा एक परिवार है और परिवारों में छोटे-मोटे विवाद होते रहते हैं। ऐसे जो मामले सामने आ रहे हैं, उन्हें सुलझाते भी रहेंगे, क्योंकि सभी लोग पार्टी के साथ चल रहे हैं।
ज्वालामुखी के विधायक रमेश धवाला के विरोध में उठे स्वरों पर सत्ती ने कहा कि सीएम जयराम ठाकुर के पास दोनों पक्षों के लोग गए हैं। सीएम ने दोनों पक्षों की बात को सुना है। उन्होंने कहा कि परिवार में कभी एक तो कभी दूसरे से गलती हो जाती है, ऐसे में एक-दूसरे के प्रति कुछ न कुछ मनमुटाव रहता है। इन सभी बातों को अंदर बैठकर ही सुलझाया जाएगा।
जयराम सरकार को करवाएं रिपीट
सतपाल सत्ती ने कहा कि आज तक न तो शांता कुमार और न ही प्रेम कुमार धूमल की सरकार रिपीट कर पाई है। लेकिन इस बार भाजपा इतनी मेहनत करेगी कि जयराम सरकार को प्रदेश में रिपीट किया जा सके। उन्होंने कहा कि जयराम सरकार का अब तक का कार्यकाल काफी अच्छा रहा है। जयराम भी प्रधानमंत्री मोदी की तरह दिन-रात कार्य कर रहे हैं। जनता उन्हें उनकी इस मेहनत का अवश्य फल देगी।