प्रदेश भर में आयोजित पटवारी भर्ती की लिखित परीक्षा सवालों के घेरे में आ गई है। करीब 100 अभ्यर्थी परीक्षा ही नहीं दे पाए। कांगड़ा जिले के धीरा में निजी स्कूल में बनाए केंद्र के एक कमरे में प्रश्न पत्र देरी से मिलने पर अभ्यर्थियों ने हंगामा कर दिया। ओएमआर शीट लेकर अभ्यर्थी बाहर निकल गए और नारेबाजी करने लगे।
यहां तक की कुछ अभ्यर्थियों ने आंसर शीट फाड़ दी। माहौल बिगड़ता देख प्रशासन को अतिरिक्त पुलिस फोर्स मंगवानी पड़ी। बाद में माहौल तो शांत कर दिया, लेकिन 50 से 60 अभ्यर्थियों ने परीक्षा नहीं दी। उधर, हमीरपुर, बिलासपुर और मंडी जिले के केंद्रों से भी शिकायतें आईं। मैथ के दो प्रश्न भी गलत बताए जा रहे हैं।
अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि इस केंद्र की धरातल मंजिल में उम्मीदवारों को 11:30 बजे ओएमआर सीट्स मिली और पौने 12 बजे तक प्रश्न पत्र ही नहीं दिए। धीरा के एसडीएम केंद्र में पहुंचे तो अभ्यर्थियों ने उनके सामने भी नारेबाजी की। अभ्यर्थियों की मांग थी कि परीक्षा दोबारा करवाई जाई। परीक्षा केंद्र अधीक्षक बलविंद्र सिंह ने बताया कि प्रश्न पत्र वितरित करने में देरी तो हुई थी। जब प्रश्न पत्र बांट रहे थे तो कुछ परीक्षार्थी हल्ला मचाने लग पड़े।
कुछ अभ्यर्थियों ने आरोप लगाए हैं कि उन्हें प्रश्न पत्र देरी से मिले, जिसकी छानबीन की जाएगी। सारे मामले की विस्तृत रिपोर्ट बनाकर उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।
- संजीव कुमार, एसडीएम, धीरा