हिमाचल प्रदेश की जनता के लिए राहत भरी खबर है। अब पटवारी और कानूनगो को तीन दिन सर्किल और अन्य तीन दिन फील्ड में सेवाएं देनी होंगी। सर्किल में पटवारी और कानूनगो लोगों को जमीन के काजगात (जमाबंदी, ततीमा व अन्य राजस्व रिकाॅर्ड) उपलब्ध कराएंगे, जबकि अन्य तीन दिनों में फील्ड में लोगों की डिमार्केशन व अन्य राजस्व संबंधित फील्ड कार्य करेंगे। लोगों को राहत देने के लिए सरकार ने यह फैसला लिया है। पटवारी और कानूनगो सर्कल और फील्ड में सेवाएं देने का स्वयं फैसला लेंगे। इसे लेकर इन्हें जनता को भी अवगत कराना होगा। कार्यालय के बाहर एक नोटिस भी लगाना होगा, जिससे लोगों को जानकारी मिल सके।
जनता को राहत देने के लिए यह फैसला लिया गया है। कई पटवार सर्किल में यह व्यवस्था कर ली गई है। अन्य में भी जल्द व्यवस्था लागू करने को कहा गया है। इससे पटवारी और कानूनगो काम करने में आसानी होगी। -ओंकार शर्मा, अतिरिक्त मुख्य सचिव