लगातार हो रही बारिश के कारण कांगड़ा घाटी में रेलगाड़ी सेवा प्रभावित हो गई। पठानकोट-जोगिंद्रनगर नैरोगेज रेल मार्ग पर गुलेर और ज्वालामुखी के बीच लूनसु में भूस्खलन के कारण उक्त रेलमार्ग बाधित हो गया है।
रेलमार्ग बाधित होने से इस रूट पर दो ट्रेनें फंस गई हैं। रेलवे के जेई अवध किशोर यादव ने बताया कि पठानकोट से आने वाली एक ट्रेन गुलेर में रुक गई है, जबकि दूसरी सुबह 5 बजे रानीताल से चलने वाली ट्रेन लूनसु में फंसी है।
लूनसु से ज्वालामुखी रोड तक 4 किलोमीटर पैदल चलकर यात्रियों को आगे पठानकोट के लिए बस और टैक्सी से सफर तय करना पड़ा। उधर जोगिंद्रनगर जाने वाले यात्री गुलेर में फंसे हैं। लोकल यात्री भी रेल मार्ग बाधित होने से बुरी तरह परेशान हैं।। उन्हें पैदल ही पटरी से गंतव्य तक पहुंचना पड़ा।