लोगों को बेहतर खाद्य वस्तुएं मुहैया करवाने के दावे करने वाली पतंजलि के दो उत्पादों के सैंपल फेल हो गए हैं। कंडाघाट लैब से मिली रिपोर्ट के अनुसार पतंजलि के बिस्कुट और सोनपापड़ी के सैंपल फेल हुए हैं। इससे पहले भी पतंजलि का एक सैंपल कुल्लू में फेल हो गया था।
इसकी पुष्टि खाद्य सुरक्षा अधिकारी भाविता टंडन ने की है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 6 जनवरी को शाडाबाईं स्थित स्टोर से ये सैंपल भरे थे। विभाग से मिली रिपोर्ट के अनुसार नटी डिलाइट बिस्कुट और सोनपापड़ी स्वास्थ्य विभाग के मानकों को खरा नहीं उतरे हैं।
कंपनी का दावा था कि सोनपापड़ी को गाय के देसी घी से बनाया हुआ है। लेकिन पैकेट पर इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है कि इसमें घी की कितनी मात्रा है। वहीं बिस्कुट के पैकेट पर इसमें प्रयोग होने वाली वस्तुओं की कोई जानकारी नहीं है।
ऐसे में दोनों ही प्रोडक्ट नियमों को पूरा नहीं कर पाए हैं। जिसके आधार पर स्वास्थ्य विभाग ने कंपनी और विक्रेता को नोटिस जारी करने की तैयारी कर ली है। जिसके बाद इस मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। खाद्य निरीक्षक भाविता टंडन ने कहा कि अभी दो सैंपल फेल होने की रिपोर्ट आई है। नोटिस जारी करने के बाद कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।